रिपोर्ट :- अजय रावत


गाजियाबाद :-
        विजयनगर थाना क्षेत्र की माता कॉलोनी में स्कूटी सवार युवकों द्वारा पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य हमलावर समेत पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि पकड़े गए हमलावरों में मोहित, दलबीर, साकिर, आकाश और रवि शामिल हैं। इनमें मुख्य हमलावर रवि है। उधर अस्पताल में भर्ती मीडिया कर्मी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
विजयनगर बाईपास पर स्थित रोज वैली स्कूल के निकट रहने वाले विक्रम जोशी एक समाचार पत्र से जुड़े हैं। सोमवार रात वह माता कॉलोनी निवासी अपनी बहन के घर गए थे। देर रात बहन के घर से निकलते समय तीन स्कूटी पर आए आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इनमें से एक ने हत्या की नीयत से उन पर गोली चला दी थी। सिर में गोली लगने से विक्रम जोशी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए थे। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस में हड़कंप मच गया था, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया था। गंभीर रूप से घायल विक्रम जोशी को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र, सीओ प्रथम डॉ. राकेश मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचे थी और घटना की जानकारी ली थी।
Previous Post Next Post