◼️भाजपा सरकार में सुशासन,सुरक्षा के साथ विकास की बयार चल रही: सुनीता दयाल
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- नगरीय निकाय चुनाव प्रचार में भाजपा महापौर प्रत्याशी व पार्षद प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को महापौर उम्मीदवार सुनीता दयाल ने सुबह से ही प्रचार की कमान संभाल ली। उन्होंने वार्ड 24 ,47,16,31,12,65,82,73,99,57,64 में पार्षद प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया तो कई स्थानों पर आयोजित जनसभा में शिरकत की। जहां उन्होंने महानगर को स्वच्छ,सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से मिली ताकत से शहर का जो विकास हुआ है, वह झांकी है। पूरा विकास होना अभी बाकी है और इसके लिए नगर निगम, पालिका में भाजपा की सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा देश में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार न होती, तो विकास महज कागजों में दिखता। अब डबल इंजन की सरकार से काम नहीं चलेगा। ट्रिपल इंजन की सरकार बनादो।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सुशासन और सुरक्षा है। गुंडों की जगह समाज में नहीं जेल में है। इससे पहले सूबे में बिजली से लेकर अन्य योजनाओं का लाभ कुछ जिलों और कुछ वर्ग तक सीमित था लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों ने सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर कार्य किया। बिना भेदभाव के सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र को दिया गया। उन्होंने कहा जो समस्याएं रह गई हैं उन्हें इस बार हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि आने वाली पंचवर्षीय योजना में महानगर की सीवरेज व पेयजल व्यवस्था को सुधारा जाएगा। प्रकाश व्यवस्था को और अधिक कारगर बनाते हुए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ कर हर गली रास्ते को रोशन करेंगी। सबसे बड़ी समस्या शुद्ध पेयजल की है जिस पर पूर्व में भी कार्य किया गया भविष्य में शहर में गंगाजल आपूर्ति कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री वी के सिंह लगातार प्रयासरत है। शीघ्र ही इस कार्ययोजना को धरातल पर लाया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के वार्ड प्रत्याशी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।