बाबासाहेब के कारण ही हुआ नारी, शोषित, वंचितों का उत्थान: नरेंद्र कश्यप


रिपोर्ट :- अजय रावत

गाज़ियाबाद :-  विश्व विभूति डॉक्टर अंबेडकर मिशन के तत्वाधान में गुरुवार को बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी का 131 वां जन्मदिन समारोह संगम पार्क खोडा कॉलोनी स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क में बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप रहे एवं खोड़ा चेयर पर्सन रीना भाटी सम्मानित अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष सतपाल गौतम ने की तो वहीं कुशल संचालन प्रेमपाल सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप एवं चेयर पर्सन रीना भाटी द्वारा बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलित कर किया। 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी महानुभावों ने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के आदम काय चित्रपट पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के शुभारंभ में मुख्य अतिथि एवं अतिथि गण का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया तो वही सभी को मोमेंटो भी भेंट किए गए। स्वागत की इसी कड़ी में दैनिक आज की पहचान के प्रधान संपादक लाखन सिंह, इंडिया डायरेक्ट न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार यादव, वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा आदि पत्रकारों का स्वागत किया गया। सेनेटरी एवं फूड इंस्पेक्टर संजीव अवाना एवं सफाई नायक सियानंद का मिशन के सभी पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान के चलते फूल माला पहनाकर एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया।
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जीवन शैली पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान की वजह से ही हम सभी भारत वासियों को समानता एवं वोट का अधिकार मिला, जिसके फल स्वरुप आज भारत में सभी में ऊंच नीच का भेदभाव मिटाकर समरसता का भाव है। आगे उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के कारण ही नारी, शोषित, वंचितों का उत्थान हुआ है। चेयरपर्सन रीना भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के कारण ही महिला वर्ग का उत्थान हुआ और समानता का अधिकार मिला है, उसी का परिणाम है कि मैं आज खोड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष हूं। 

मनोनीत सभासद देवेंद्र गिरी ने संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के मूल सिद्धांतों में शिक्षित बनो एक महत्वपूर्ण पहल थी और उन्होंने कहा था कि शिक्षा ही सबसे बड़ा दान है। यदि वास्तविक रूप से बाबा साहब के आदर्शों का अनुसरण करना है तो शिक्षा मंदिरों की स्थापना करो और शिक्षा का दान करो। भाजपा पूर्व महानगर मंत्री योगेश भाटी ने बाबासाहेब के जीवन चरित्र पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के सपनों को पूरा कर रही है। 

अध्यक्ष सतपाल गौतम ने कार्यक्रम में आए सभी महानुभावों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थापक नत्थू सिंह दरोगा, बीबी सिंह, संरक्षक संतोष गौतम, उपाध्यक्ष रणवीर सिंह, सुशील कुमार, महासचिव विजेंद्र सिंह, सचिव ईश्वर सिंह गंगेज, मोहर सिंह, भाजपा पूर्व महानगर मंत्री योगेश भाटी, सेनेटरी एवं फूड इंस्पेक्टर संजीव अवाना, मनोनीत सभासद देवेंद्र गिरी, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र यादव, भाजपा युवा मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष जय करण यादव, युवा भाजपा नेता हरेंद्र चौधरी, सभासद शिल्पी सिंह, पूर्व मंडल महा मंत्री घनश्याम तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष जीत मावी, सभासद पंकज त्रिपाठी, एडवोकेट मुकेश कर्दम, उदय वीर सिंह मुखिया, मनीराम प्रधान, एडवोकेट उदय वीर सिंह आदि सहित सैकड़ों की तादाद में लोग उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post