हाथरस में लाठीचार्ज के विरोध में रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली में यूपी सरकार पर गरजे विपक्षी दलों के नेता

◼लोकतंत्र बचाओ रैली में भाग लेने के लिए उमड़ा जनसमूह, कोरोना के नियमों का किया गया पालन


रिपोर्ट :- सिटी न्यूज़ हिंदी


मुजफ्फरनगर :-
       हाथरस में विपक्षी दलों के नेताओं पर पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ विपक्ष ने एकजुट होकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की जमकर आलोचना की एवं सरकारी तानाशाही का डटकर विरोध करने का ऐलान किया है। इस रैली में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज का मामला छाया रहा। सभी ने एकस्वर से इस घटना की भर्त्सना की।
मुजफ्फरनगर जनपद के जीआईसी मैदान पर गुरुवार को रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हाथरस में योगी सरकार की पुलिस ने जिस तरह से लाठीचार्ज किया है, वह एक बड़ी साजिश है। इस साजिश के तहत किसानों की राजनीति खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसान अब योगी सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है। जयंत चौधरी को सुनने के लिए भारी संख्या में उमड़े जनसमूह के कारण माइक के तार ही टूट गये। इससे जयंत चौधरी का भाषण लगभग 15 मिनट के लिए बाधित रहा। इसके बाद जयंत चौधरी ने जैसे ही बोलना शुरू किया पूरे मैदान से तालियों की आवाज गूंजती रही। साथ ही रह रह कर योगी सरकार विरोधी नारों से पूरा आकाश गुजायमान हो गया।


किसान सरकार से बदला लेने को है तैयार

जयंत चौधरी ने कहा कि योगी सरकार अपने बहुमत के घमंड में है और विपक्षी दलों पर दमनचक्र चला रही है, लेकिन उसे यह जान लेना चाहिये कि किसानों का दमन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। रालोद उपाध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में योगी की सरकार की तानाशाही का मुंंहतोड़ जवाब देने के लिए किसान कमर कस कर तैयार है।

किसानों का हो रहा है उत्पीड़नःइमरान मसूद

वहीं मंच पर पहुंचे इमरान मसूद ने केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर हमला किया गया। हाथरस में जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज किया गया। यह बहुत ही शर्मनाक घटना है। उन्होंने कहा कि देश में किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि कानून लाकर किसानों को निचोड़ने का काम किया गया है। किसान इससे अनजान नहीं है, वो जल्द ही बदला लेगा।

किसानों की जुबान बंद करने को चल रही हैं लाठियांःअभय चौटाला

हरियाणा के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश में किसानों पर जुल्म किया जा रहा है। चौटाला ने कहा कि लाठियों से किसान की जुबान दबाए जाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सरकार किसान को उसकी जमीन से बेदखल करना चाहती है।

जयंत चौधरी का कसूर बताये यूपी सरकारः दीपेन्द्र हुड्डा

वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जयंत चौधरी का क्या कसूर था, जो उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी तो खुले घूम रहे हैं, लेकिन अगर कहीं कोई नेता पीडि़त के आंसू पूछने जाता है, तो वह अपराधी बन जाता है।

बहुमत के नशे में चूर है योगी सरकारः धर्मेन्द्र यादव

सपा नेता व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी हाथरस में जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की और कहा कि योगी सरकार बहुमत के नशे में चूर होकर विपक्ष का दमन कर रही है जबकि पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। अब जनता का इस सरकार से मोहभंग हो चुका है।  

खाप हमेशा ही साथ हैःनरेश टिकैत

भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि जब भी समाज के किसी व्यक्ति के साथ कोई मामला हुआ है तो खाप हमेशा साथ रही है।

खाप चौधरियों ने भी दिया रैली को समर्थन

उधर, प्रशासन के अधिकारियों ने ड्रोन कैमरे से रैली की निगरानी की। रैली स्थल पर सैनिटाइजेशन कराने के बाद मास्क देकर ही प्रवेश दिया जा रहा है। किसान और कार्यकर्ता बस, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व अन्य वाहनों से रैली में पहुंचे। खाप चौधरियों, भाकियू, सपा, कांग्रेस और शिवसेना ने भी रैली को समर्थन दिया है। पुलिस-प्रशासन ने रालोद की रैली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाई। वहीं एडीजी राजीव सभरवाल, डीआईजी और मंडलायुक्त ने जनपद में डेरा डाला हुआ है। 

यूपी, हरियाणा से लोग पहुंचे रैली में

रैली में जनपद के साथ-साथ आसपास के जनपदों के साथ ही हरियाणा से भी लोकदल के कार्यकर्ता भी पहुंचे। जनपद के हर चौराहे पर भारी तादाद में पुलिसफोर्स तैनात किया गया।  रैली में भीड़ जुटने की संभावना के चलते पुलिस-प्रशासन ने रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ ही पांच कंपनी पीएसी भी मंगाई है।

ये नेता पहुंचे रैली में

रैली में रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह, रालोद उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयंत चौधरी, जनता दल एस सांसद परवाल रेवन्ना, पूर्व सांसद एवं सपा नेता धर्मेंद्र यादव, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, हरियाणा के विधायक अभय सिंह चौटाला, राजस्थान विधान सभा के डिप्टी स्पीकर आफताब, कांग्रेस के पूर्व सांसद जयप्रकाश, इंद्रजीत सिंह टीटू राष्ट्रीय प्रवक्ता राष्ट्रीय लोक दल मौजूद रहे।
Previous Post Next Post