सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻
गाजियाबाद :- राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व सांसद मुंशीराम पाल एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह ने कहा कि किसान बीते करीब 2 माह से भीषण ठंड में सड़क पर परिवार सहित पड़े हैं। लेकिन केंद्र सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों के साथ है तथा लाए गए तीन कृषि कानूनों का विरोध करती है। उन्होंने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार को किसानों की बात मानकर हठधर्मिता छोड़ कर कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए।
क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह मंगलवार को गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष अजय प्रमुख की घोषणा करने आए थे। उन्होंने कहा कि ओमपाल सिंह का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण यह जिम्मेदारी अजय प्रमुख को दी जा रही है। उन्होंने कहा 2022 में विधान सभा चुनाव हैं ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाने को कहा।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष अजय प्रमुख ने कहा हाई कमान ने जो जिम्मेदारी दी है उसका वह पूरी निष्ठा व लगन से निर्वहन करेंगे तथा सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत करेंगे। पूर्व सांसद ने कहा किसान तबाही की ओर बढ़ रहा है लेकिन सरकार सब कुछ देख रही है। सैकड़ों किसान ठंड से मर गए लेकिन मोदी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान जब नही चाहते हैं कि कानून लागू हो तो सरकार जबरदस्ती क्यों थोप रही है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के साथ है। उसे किसानों की चिंता नहीं है। आने वाले पंचायत चुनाव के मामले में कहा कि यदि भाजपा पंचायती चुनाव सिंबल पर लगाएगी तो राष्ट्रीय लोक दल भी अपने सिंबल पर प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है जो प्रत्याशियों का बायोडाटा लेकर जिलाध्यक्ष को देंगे उसी के आधार पर प्रत्याशियों का चयन होगा। इस मौके पर पूर्व विधायक सुदेश शर्मा महानगर अध्यक्ष रविंद्र चौहान, राष्ट्रीय प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू, प्रदेश प्रवक्ता अजयवीर चौधरी, अमरजीत सिंह बिडडी,ओडी त्यागी, चौ तेजवीर सिंह,चौ तेजपाल, रेखा चौधरी, कपिल चौधरी पूनम कोरी वीरभान सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।