सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻


गाजियाबाद :- उत्तरप्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया बुधवार को डासना- कुड़िया गढ़ी रोड पर खोले गये प्रदेश के पहले निजी क्षेत्र के आटोमेटिक फिटनेस जांच सेंटर मैसर्स सांई धाम सुपर सर्विसेस सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब गाजियाबाद जिले के सभी कामर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच आरटीओ कार्यालय के स्थान पर यहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह हमारा निजी क्षेत्र का पायलट प्रोजेक्ट है। यहां से फीड बैक प्राप्त करने के बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी आटोमेटिक वाहन फिटनेस सेंटर स्थापित किये जायेंगे।

अशोक कटारिया ने कहा कि व्यक्ति एवं मशीन में फर्क होता है। व्यक्ति से गलती हो सकती है। मशीन से नहीं। वाहनों की यहां पर आटोमेटिक मशीनों से पूरी जांच की जायेगी। कोई भी कमी वाहन में होने पर मशीन उसे पकड़ लेगी। उन्होंने सेंटर के संचालक सत्येंद्र चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि वे मेहनती है तथा वे बेहतर काम करेंगे। इसके साथ ही सेवा भाव से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जितनी बड़ी सोच होगी सितारे भी उतने ही बड़े होंगे। छोटी सोच वाला कभी बड़ा नहीं बन सकता। सेवा का भाव लेकर चलोगे तो बड़ा काम होगा।
 
इस मौके पर प्रमुख सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी आरआई पर तंज कसते हुए कहा कि पहले आरआई फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करते थे। लेकिन मशीन किसी को पहचानती नहीं। व्यक्ति से त्रुटी हो सकती है, लेकिन मशीन से नहीं। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रदेश में कानपुर व लखनऊ में आटोमेटिक फिटनेस जांच सेंटर चल रहे हैं। दोनों सरकारी है। लेकिन निजी क्षेत्र का यह पहला सेंटर है। 

इस मौके पर परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने सत्येंद्र चौधरी को सर्टिफिकेट भेंट किया। संचालन संजय कुशवाहा ने किया। इस मौके पर सत्येंद्र चौधरी ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, सुनील यादव, विनोद त्यागी, अभिषेक चौधरी मोंटी, देवेंद्र चौधरी, नितिन मित्तल, सुधीर चौधरी, तरुण शर्मा, गौरव चौपड़ा, मोनू त्यागी, डीडी यादव, दिनेश यादव, सुधीर सहलोत बोबी, उप परिवहन आयुक्त राजीव श्रीवास्तव, आरटीओ अरुण कुमार वार्ष्णेय, आरआई प्रेम सिंह, एआरटीओ राकेंद्र सिंह, पीटीओ संदीप जायसवाल समेत अन्य लोग शामिल थे।
Previous Post Next Post