सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻


गाज़ियाबाद :- लिंक रोड थाना अंतर्गत साइट फोर स्थित पीपीई किट, मास्क और मेडिकल उपकरण बनाने की फैक्टरी में वीरवार रात धमाके के साथ भीषण आग लग गई। इस दौरान फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारी आग में फंस गए। सूचना पर पहुंची एक दर्जन फायर बिग्रेड के कर्मियों ने आग बुझाने के साथ राहत कार्य शुरू किया। तब तक फैक्टरी मालिक समेत 14 लोग झुलस चुके थे। घायलों को यशोदा और मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार रात दो मंजिला फैक्टरी में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। रात करीब पौने नौ बजे अचानक से धमाके की आवाज आई। इसके बाद आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्टरी के अंदर आग तेजी से फैल गई। चीख चिल्लाहट की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर आसपास के फैक्टरी के लोग वहां पहुंचे और पुलिस व दमकल को सूचना दी गई। सूचना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची और दमकलों का आना शुरू हो गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ राहत कार्य शुरू किया। सिविल डिफेंस के लोग भी आ गए। पता चला कि फैक्टरी के बेसमेंट समेत दो मंजिल में आग फैल चुकी है और करीब 14 लोग फंसे हुए हैं। दमकल की एक दर्जन गाड़ियां आग को बाहर और अंदर से बुझाने लगी। दमकलकर्मी कड़ी मशक्कत से फैक्टरी के अंदर घुसे और 14 लोगों को किसी तरह फैक्टरी से बाहर निकाला। आग में फंसने के दौरान मालिक समेत 14 लोग झुलस गए। इनमें से एंबुलेंस से नौ घायलों को कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल और पांच घायलों को वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात करीब सवा 11 बजे एसएसपी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे। इससे पहले एडीएम सिटी और एसपी सिटी सेकेंड पहुंच चुके थे। फैक्टरी के अंदर किसी के फंसे होने की आशंका में दमकलकर्मियों का तलाशी अभियान जारी था।

देर रात सभी को दिल्ली सफदरजंग किया रेफर
साहिबाबाद। यशोदा अस्पताल और मैक्स अस्पताल में भर्ती सभी झुलसे लोगों को देर रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। यशोदा अस्पताल से सद्दाम (20), सैफुल (18), राशिद अली (24), सुशील (20), जावेद (26), अरविंद तिवारी (38), रफीबुल, विवेक और मैक्स अस्पताल से पांच मरीजों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि फैक्टरी मालिक कुणाल दहल निवासी दिल्ली भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें भी मैक्स में भर्ती कराया गया था, जहां से देर रात दिल्ली रेफर किया गया है। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता झुलसे मरीजों को देखने सफदरजंग अस्पताल गए हैं। कौशांबी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि यशोदा अस्पताल से आठ मरीजों को दिल्ली रेफर किया गया है। इन सबकी हालत गंभीर थी।
Previous Post Next Post