सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻


गाजियाबाद :- तीन स्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं का जोश देखने लायक था। जिले का औसत देखा जाए तो पिछले चुनाव के मुकाबले 6.64 प्रतिशत मतदान अधिक हुआ है। कुल 74.33 प्रतिशत मतदान रहा। चार ब्लॉक में सबसे अधिक मतदान लोनी में 71.50 प्रतिशत हुआ। यहां 13.65 प्रतिशत का उछाल आया। रजापुर ब्लॉक में 9.6 प्रतिशत मतदान गिर गया। यहां 68.16 प्रतिशत वोट पड़े।
बृहस्पतिवार को 1729 सीटों के लिए 3302 प्रत्याशियों का भाग्य 2 मई तक के लिए मतपेटिका में बंद हो गया। मतदान कराने के लिए जिले में कुल 5221 कर्मचारी लगाए गए थे। 952 बूथ पर वोट पड़े। 161 गांव में वोट डाले गए। जिला पंचायत पद पर 14 वार्डों के लिए 208 प्रत्याशी मैदान में थे। 161 ग्राम पंचायतों के लिए प्रधान पद के 1253 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 323 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 1474 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। 22 सीटों पर निर्विरोध चुने जा चुके हैं। 301 पदों के लिए मतदान हुआ।

मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ, लेकिन धूप से बचने के लिए अधिकांश केंद्रों पर 6 बजे से ही लाइन लगनी शुरू हो गई थी। शुरू के  2 घंटे में 9.94 फीसदी मतदान हुआ। अगले 2 घंटे में 11 बजे तक मत प्रतिशत 15 फीसदी से बढ़कर 24.84 फीसदी तक पहुंच गया। दोपहर एक बजे तक यह 40.23 फीसदी हो गया। तीन बजे 53.39 तक फीसदी मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक 12 फीसदी बढ़कर 65.67 हो गया। आखिर एक घंटे में करीब 10 फीसदी मतदान बढ़ गया।

देर शाम तक चुनाव संपन्न होने के बाद मत पेटियों को संबंधित ब्लॉकों में बनाए गए स्ट्रांग रूम तक सुरक्षित पहुंचा दी गई। अब 2 मई की सुबह तक सभी मतपेटियां पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी की नजर में रहेंगी। 2 मई को मतगणना होगी। भोजपुर की मतपेटियां महर्षि दयानंद कॉलेज में, मुरादनगर ब्लॉक की स्ट्रांग रूम श्रीहंस इंटर कॉलेज, रजापुर ब्लॉक की मतपेटियां गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी और लोनी का होली चाइल्ड अकादमी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी गईं हैं। 

एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि स्ट्रांग रूम के बाहर एक उपनिरीक्षक के साथ पांच सिपाही, नौ पीएसी के जवान और होमगार्डों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी से भी निगरानी की जाएगी।


जिले में चुनाव शांतिपूर्ण रहा। लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील कामयाब हुई। कहीं भी किसी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं हुआ। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में जमा करा दिया गया है। 
अजय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी
Previous Post Next Post