सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻


गाज़ियाबाद :- पंचायत चुनाव में सत्ताधारी भाजपा मुरादनगर क्षेत्र में उलझ गई है। पार्टी और संगठन अभी तक भी मुरादनगर के वार्ड 6 और 8 के लिए उम्मीदवार नहीं तलाश पाया, लेकिन दोनों ही सीटों पर पार्टी समर्थित उम्मीदवारों से निर्दलीय नामांकन जरूर कराया गया। पार्टी दावा कर रही है कि मंगलवार तक आलाकमान दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार फाइनल कर देगा। उधर, कुछ सीटों भाजपा के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। क्योंकि टिकट ना मिलने से नाराज कुछ कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय नामांकन कर दिया है। इनमें कुछ को स्थानीय जनप्रतिनिधियों का समर्थक भी बताया जा रहा है। 

14 जिला पंचायत सदस्यों में से भाजपा ने बीते हफ्ते 12 वार्ड के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी, लेकिन मुरादनगर क्षेत्र से जुड़े वार्ड 6 और 8 पर पार्टी ने उम्मीदवार घोषित नहीं किए थे। कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी नामांकन से पहले दोनों वार्डों पर प्रत्याशी घोषित कर देगी, लेकिन नामांकन के अंतिम दिन भी नाम फाइनल नहीं हुए, लेकिन दोनों वार्डों पर पार्टी समर्थित दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन जरूर कराए गए। 

इनमें वार्ड-6 किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री रहे मुकेश त्यागी की पुत्रवधू स्नेह लता त्यागी और वार्ड- 8 से पवन सहलौत का नामांकन हुआ है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा का कहना है कि स्नेहालता और पवन सहलौत ने नामांकन किया है। दोनों का नामांकन निर्दलीय है, लेकिन दोनों ही पार्टी से जुड़े हैं। बाकी पार्टी आलाकमान मंगलवार तक दोनों ही वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है। 

इन्हीं दोनों वार्डों से पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के पौत्र और पुत्रवधू ने भी निर्दलीय नामांकन किया है। पौत्र मोहित त्यागी ने वार्ड-8 से और वार्ड-6 से पुत्रवधू रश्मि त्यागी ने नामांकन किया है। अब पार्टी संगठन उलझा है कि किसको टिकट दिया जाए। दोनों ही वार्डों में चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि पार्टी पवन सहलौत पर दाव खेल सकती है या फिर मोहित त्यागी को भी समर्थन कर सकती है। 
Previous Post Next Post