रिपोर्ट :- नासिर खान

लखनऊ :- उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शाम 4 बजे होगा। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण सामारोह का आयोजन राजधानी में शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में किया जाएगा। भाजपा सूत्रों के अनुसार इससे पहले संभवत: 21 मार्च को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। समझा जाता है कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। भाजपा सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण से पहले, योगी आदित्यनाथ को सदन का नेता चुना जाएगा और वह लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। योगी ने हाल ही में संपन्न चुनावों में पार्टी को प्रचंड जीत दिलाई है।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह की व्यापक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिसमें योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, को भी आमंत्रित किया जाएगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर योगी आदित्यनाथ की पार्टी नेतृत्व के साथ मन्त्रणा हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में सरकार गठन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को क्रमशः पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया है एवं शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को मुख्यमंत्री के गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने पर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय का आकार या कौन-कौन विधायक मंत्री पद शपथ लेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन मंत्रिमंडल में महिलाओं और युवाओं को खास तवज्जो मिलेगी। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 403-सदस्यीय विधानसभा में 255 सीटें जीतीं और उसके सहयोगियों ने 18 अन्य सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी का मार्ग प्रशस्त किया। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव हुए और 10 मार्च को नतीजे घोषित किए गए। 
Previous Post Next Post