सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻

गाज़ियाबाद/साहिबाबाद :- अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की ओर से शक्ति खंड 2 स्थित जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में भगवान परशुराम जन्मोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में बडी संख्या में लोगों ने भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज व विशिष्ट अतिथि रंजीत सेवा आश्रम के अध्यक्ष धर्म गुरु रंजीत महाराज ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
अपने आर्शीवचन में जगतगुरु शंकराचार्य ने कहा कि आज का दिन बहुत ही सर्वश्रेष्ठ है। धर्म एवं न्याय के मार्ग का अनुसरण करने वाले भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। ज्ञान, शक्ति, साहस व शील के प्रतीक भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। धर्मगुरु रणजीत महाराज ने कहा कि मनुष्य जन्म से नहीं अपितु कर्म से महान बनता है। अतः ब्राह्मणों को अपने जीवन में किए जाने वाले सत्कर्म पर ध्यान देने की जरूरत है। ज्यादा पैसा कमाने की बजाय मानवता के कल्याण में ध्यान लगाना चाहिए। 

साथ ही लोगों को ऐसी शिक्षा देनी चाहिए जिससे पूरी मानव जाति का कल्याण संभव हो सके। संस्था के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पंडित गोपाल दत्त शर्मा ने भी भगवान परशुराम से जुड़े कई प्रसंगों पर प्रकाश डाला। समारोह में आए सभी आगंतुकों का जिलाध्यक्ष जयचंद शर्मा व संस्था के जिला संरक्षक तथा स्कूल के चेयरमैन जे के गौड ने पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित पीताम्बर शर्मा व संचालन वाणी शर्मा ने किया। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व विधायक पंडित सुरेंद्र मुन्नी, पूर्व चेयरमैन पंडित राम आसरे शर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पंडित विजय भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष अशोक शर्मा आदि भी मौजूद रहे।
Previous Post Next Post