रिपोर्ट :- अजय रावत

गाजियाबाद :- नगर निगम द्वारा 1702 दुकानों का किराया बढाए जाने के विरोध में महानगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी धरना देंगे। धरना घंटाघर पर 24 जून को 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक दिया जाएगा। इसकी घोषणा संस्था के पदाधिकारियों ने बुधवार को प्रेस वार्ता में की।

संस्था के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद व महानगर महामंत्री अशोक चावला ने बताया कि नगर निगम ने 1702 दुकानों के किराए में पिछले 25 वर्ष से जोडते हुए 10 प्रतिशत किराया बढाने का प्रस्ताव पास किया है। इसी के साथ 10 प्रतिशत किराया प्रत्येक वर्ष बढाने का निर्णय भी लिया है। इससे दुकानों का किराया 15-20 वर्ष में ही 40 से 50 हजार रुपए प्रतिमाह जीएसटी समेत हो जाएगा। अगर निगम किराए की वर्तमान दर को और बढा देता है तो इसमें और बढोत्तरी हो जाएगी। 

उन्होंने कहा कि इसके अलावा नगर निगम ने 3 लाख रुपए हस्तांतरण शुल्क के रूप में लेने का प्रस्ताव भी पास किया है। जबकि वर्तमान यह दर 100 प्रति वर्गफीट है। संस्था ने किराया नगर निगम एक्ट के अनुसार प्रत्येक 3 वर्ष में 12.5 प्रतिशत करने व हस्तातरण शुल्क दुगना 200 रुपए प्रति वर्गफीट करने की मांग की थी। साथ ही यह भी मांग की थी कि नगर निगम 1702 दुकानों को पटेल मार्ग के मकानों की भांति ही 4 आसान किस्तों में बेच दे, इससे व्यापारियों की समस्या का निराकरण भी होगा और निगम को करोडों रुपए की आय होगी। इन मांगों को लेकर संस्था के पदाधिकारी 14 जून को महापौर व नगरायुक्त से मिले तो वे मांगों को मानना तो दूर उन पर विचार तक करने को तैयार नहीं हुए। 

वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश स्वामी व उपाध्यक्ष राकेश बवेजा ने बताया कि महापौर व नगरायुक्त द्वारा मांगे माने जाने से इंकार करने पर ही संस्था के पदाधिकारी व व्यापारी 24 जून को घंटाघर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरने पर बैठेंगे। प्रेस वार्ता में बृजमोहन सिंघल, सुनील गोयल, राजदेव त्यागी, वसीम अली, सुरेश गुप्ता, मुखविंदर सिंह भाटिया, प्रवीण बत्रा, विजय ढींगरा, अजय बंसल आदि भी मौजूद रहे।
Previous Post Next Post