रिपोर्ट :- नासिर खान

लखनऊ :- आज से भगवान शिव की आराधना का पवित्र सावन महीना शुरू हो गया है। सावन का महीना देवों के देव महादेव को समर्पित किया जाता है। भगवान शिव की उपासना के लिए सावन मास को सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। माना जाता है कि इस महीने में जो भी भक्त भगवान शिव की पूजा करते है उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। आज बड़ी संख्या में भक्त मंदिरों में भगवान शिव के दर्शनों के लिए पहुंच रहे है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सावन के पहले दिन गोरखपुर में विशेष पूजा अर्चना की।

बता दें कि सावन के पहले दिन आज सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। सीएम योगी ने हर साल की तरह इस बार भी सबसे पहले भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना की। सीएम योगी के रुद्राभिषेक करने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई है। इससे पहले सीएम योगी ने सभी प्रदेशवासियों को सावन का महीना शुरू होने पर शुभकामनाएं दी है।

सीएम योगी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर कहा कि 'सभी प्रदेश वासियों और श्रद्धालुओं को देवाधिदेव महादेव के पावन 'श्रावण मास' के शुभारंभ की अनंत शुभकामनाएं। बाबा भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें, यही प्रार्थना है।' इसके आगे उन्होंने लिखा, भगवान भोलेनाथ की आराधना-उपासना को समर्पित, पावन मास श्रावण आज से प्रारंभ हो रहा है। अटूट श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक, कांवड़-यात्रा के पुण्यभागी, सभी भक्तों का स्वागत-अभिनंदन है। लोक-मंगल के ध्येय से परिपूर्ण इस यात्रा के प्रति मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

कई वर्षों बाद बना ऐसा संयोग
हर साल सावन महीने की शुरुआत आषाढ़ माह की पूर्णिमा तिथि के अगले दिन से होती है। लेकिन इस बार एक अद्भुत संयोग बना है। आज यानी 4 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत हो चुकी है। इस बार सावन एक महीना 30 दिन की बजाय 59 दिन का होगा और 8 सावन सोमवार होंगे। ऐसा संयोग कई वर्षों बाद बना है। सावन के पहले ही दिन मंगला गौरी व्रत पड़ रहा है। इस दिन मां मंगला गौरी की उपासना की जाती है। कहते हैं इस व्रत को करने से मां पार्वती और भगवान शिव की विशेष कृपा बरसती है।
Previous Post Next Post