रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :-
केंद्र सरकार द्वारा लगातार बढ़ाए जा रहे पेट्रोल और डीजल के दामों के विरोध में कांग्रेसी लगातार सड़कों पर हैं। आज कांग्रेसियों ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज कौशिक ने सदर तहसली पर प्रदर्शन किया जबकि जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव मोदीनगर तहसील पर गरजे।
तहसील पर धरना और प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का नेतृत्व कर रहे मनोज कौशिक ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण लोग बेहाल हैं। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है और लोगों की नौकरियों पर खतरा बना हुआ है। आम जनमानस पर आर्थिक संकट के बादल छाए हुए हैं। ऐसे में सरकार लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रही है। कांग्रेस पार्षद दल के नेता मोहम्मद जाकिर अली सैफी ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द बढ़ाए गए डीजल और पेट्रोल के दाम वापस ले। इस दौरान पीसीसी सदस्य वीर सिंह चौधरी, शिवानंद गौड़, बलराज सिंह, पूर्व पार्षद विजय गोयल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। उधर, जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव के नेतृत्व में मोदीनगर तहसील पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार लगातार डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ा रही है वो सीधे-सीधे आम आदमी की जेब पर डाका है। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है, डीजल महंगा होने से किसान की खेती की लागत बढ़ गई है। आम आदमी समझ नहीं पा रहा है कि वो किस तरह से अपना खर्च चलाए। महिलाओं के लिए रसोई चलाना आसान नहीं रह गया है। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी प्रदीप कंसल, मोदीनगर अध्यक्ष राकेश गोयल, पूर्व पार्षद अमोल वशिष्ठ, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।