◼️कथा संवाद की संस्था "मीडिया 360 लिट्रेरी फाउंडेशन" ने की कथा प्रतियोगिता की घोषणा

◼️11 हजार के प्रथम पुरस्कार सहित लेखन व अनुवाद के क्षेत्र में दिए जाएंगे 15 पुरस्कार
                 

रिपोर्ट :- सिटी न्यूज़ हिंदी


गाजियाबाद। 
      "मीडिया 360 लिट्रेरी फाउंडेशन" की ओर से आयोजित अखिल भारतीय "मीडिया 360 कथा भारती सम्मान-2020" के लिए देश भर के कथाकारों से कहानियां आमंत्रित की गई हैं।

संस्थान के अध्यक्ष शिवराज सिंह के अनुसार विविध श्रेणियों में कुल पंद्रह कहानियां पुरस्कृत की जाएंगी। पुरस्कृत रचनाओं को पुस्तक रूप में भी प्रकाशित करने की योजना है। गौरतलब है कि विगत तीन वर्षों से संस्थान द्वारा "कथा संवाद" का मासिक आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कहानी पर चर्चा करने के लिए देश भर के लेखक और आलोचक जुटते हैं। 
  
संयोजक एवं वरिष्ठ रचनाकार सुभाष चंदर के अनुसार विशेष रूप से नवांकुरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "कथा भारती" सम्मान की शुरूआत की गई है। श्री चंदर के अनुसार प्रथम पुरस्कार "प्रेमचंद कथा सम्मान" की राशि 11 हजार रुपए निर्धारित की गई है। द्वितीय पुरस्कार हेतु राशि 51 सौ रुपए और तृतीय पुरस्कार हेतु राशि 31 सौ रुपए निर्धारित की गई है। 

इसके अलावा अनुवाद के क्षेत्र में 21 सौ रुपए के सद्भावना पुरस्कार के अलावा 11-11 सौ रुपए राशि के 11 प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। संरक्षक मंडल में शामिल वरिष्ठ आलोचक हरियश राय के अनुसार "मीडिया 360 लिट्रेरी फाउंडेशन" इकलौती ऐसी संस्था है जो देश के दिग्गज रचनाकारों की स्मृति में प्रति वर्ष इतनी बड़ी‌ संख्या में पुरस्कार प्रदान करेगी। श्री राय के अनुसार पुरस्कार प्रेमचंद, यशपाल, अमृतलाल नागर, मंटो, चंद्र धर शर्मा गुलेरी, उपेंद्र नाथ अश्क, रांगेय राघव, फणीश्वर नाथ रेणु, राही मासूम रज़ा, भीष्म साहनी, कृष्णा सोबती, कमलेश्वर, शानी, पानु खोलिया, कामतानाथ की स्मृति में प्रदान किए जाएंगे। 

संयोजक मंडल में शामिल वरिष्ठ लेखिका रिफ़अत शाहीन के अनुसार चयन समिति में प्रख्यात साहित्यकार शामिल हैं। चयन हेतु प्रकाशित/ अप्रकाशित कहानियां टाइप, हस्त लिखित या। फोटोस्टेट के रूप में तीन प्रतियों में डाक या कोरियर द्वारा 21 नवंबर 2020 तक, संयोजक, "मीडिया 360 कथा भारती सम्मान-2020", मीडिया 360 लिट्रेरी फाउंडेशन, एफ/ई-7 कवि नगर, गाजियाबाद के पते पर प्रेषित की जा सकती हैं। सुश्री शाहीन के अनुसार प्रकाशित कहानी किसी भी भारतीय पत्रिका में अक्टूबर-2018 से सितंबर-2020 के मध्य प्रकाशित होनी चाहिए। जिसका प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। संग्रह में प्रकाशित कहानी मान्य नहीं ‌होंगी। विदेश में रहने वाले लेखक अपनी सामग्री यूनिकोड में निम्न मेल आईडी  media360literaryfoundation@gmail.com पर भी भेज सकते हैं। 

संरक्षक मंडल में सुप्रसिद्ध साहित्यकार से. रा. यात्री, सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं मेंटर हरविलास गुप्ता एवं जानी-मानी रचनाकार, मेंटर और शिक्षाविद डॉ. माला कपूर शामिल हैं। 

प्रतियोगिता की बाबत जानकारी संस्था के महासचिव आलोक यात्री से दूरभाष नंबर 7840052777 पर भी ली जा सकती है।
Previous Post Next Post