रिपोर्ट :- सिटी न्यूज़ हिंदी


गाजियाबाद :-
        राजनगर सेक्टर 10 में गोवर्धन महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। महोत्सव में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की। महोत्सव का आयोजन पंडित राकेश शास्त्री ने किया और विधि- विधान से भगवान गिरिराज की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा भी लगाई। महोत्सव में भजनों के माध्यम से गोवर्धन महाराज की महिमा का बखान किया गया। पंडित राकेश शास्त्री ने बताया कि द्वापर युग में इंद्र की पूजा हुआ करती थी। भगवान श्री कृष्ण ने गौरक्षा का संकल्प लिया। उनका रक्षण किया व उनका संवर्धन किया। गाय के संवर्धन को ही गोवर्धन कहा जाता है। भगवान ने ब्रजवासियों से कहा कि हमारा वर्धन संवर्धन गोवर्धन भगवान कर रहे हैं तो पूजा इन्द्र की नहीं गोवर्धन की होनी चाहिए। इससे कुपित होकर इंद्र 7 दिन तक मूसलाधार बारिश की, मगर भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी ब्रजवासियों की रक्षा की। उसी समय से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई है। गोवर्धन पूजा से हमें स्वास्थ्य, धन-समृद्धि आदि का वर मिलता है। कथा व्यास पंडित विष्णु दत्त सरस ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हजारों वर्ष पहले गोवर्धन लीला करके हमें प्रकृति की पूजा व उसकी रक्षा करने का संदेश दिया था। हम उनके इस संदेश को भूल गए हैं, उसी के चलते जहां आज प्रदूषण के कारण साफ हवा तक नहीं मिल पा रही है, वहीं तरह-तरह की प्राकृतिक आपदाओं का भी सामना करना पड रहा है। हमें इस सबसे से बचना है और खुद को सुरक्षित रखना है तो गोवर्धन लीला के संदेश को जीवन में उतारकर प्रकृति का संरक्षण करना होगा।
Previous Post Next Post