रिपोर्ट :- अजय रावत


गाजियाबाद :-
      मुरादनगर विधानसभा के विधायक अजित पाल त्यागी के मामा नरेश पाल त्यागी की हत्या में हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्यागी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आज दो शूटरों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि विधायक का भाई गिरीश पाल त्यागी अभी फरार है। 

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने प्रेसवार्ता में बताया कि आज सुबह जितेन्द्र त्यागी से पूछताछ के आधार पर पुलिस की टीम शूटरों के घर दबिश देने के लिए गई थी, जहां से पता लगा आरोपी गाजियाबाद गए है। पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों शूटरों विपिन शर्मा व अर्पण चौधरी को रोटरी गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनकी जितेन्द्र त्यागी से पहले ही जान पहचान थी, जितेन्द्र त्यागी ने बताया था कि एक व्यक्ति से उनका विवाद चल रहा है, जिसका मर्डर करना है। जितेन्द्र त्यागी से दो लाख रुपए में डील तय हुई थी पचास हजार रुपए एडंवास मिले थे, शूटरों ने बताया कि उन्हें यह नहीं पता था कि जिसका मर्डर करना है वह विधायक का मामा है। उन्होंने बताया कि जितेन्द्र त्यागी ने तमंचा व पिस्टल मनोज शर्मा से उपलब्ध कराया था। जब उन्हें पता लगा कि जितेन्द्र त्यागी पकड़ा गया है तो वह मनोज शर्मा के पास बचे हुए पैसे लेने के लिए आ रहे थे जिसके बाद उनका इरादा उत्तरखंड जाकर छुपने का था। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने मनोज को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को कई मुकदमें दर्ज है। 
  
ज्ञात हो कि लोहिया नगर में 9 अक्टूबर की सुबह घर से टहलने निकले कंस्ट्रक्शन कारोबारी नरेश पाल त्यागी को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोलियों से भून दिया था। नरेश पाल की इस तरह हत्या से अधिकारी भी हैरान थे। सभी का दावा था कि शांत स्वभाव के नरेश का कभी किसी से कोई भी विवाद नहीं हुआ। 9 नवंबर को विधायक के पिता पूर्व कैबिनेट मंत्री राज पाल त्यागी ने प्रेसवार्ता कर विधायक पर पुलिस के साथ मिलकर बड़े बेटे गिरीश को फंसाने का आरोप लगाया था। 17 नवंबर को विधायक ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर कहा कि पुलिस जितेंद्र को उठाकर लाई है और उसके साथ  मिलकर भाई गिरीश पर हत्या का आरोप लगा रही है। विधायक ने पुलिस की कहानी का झूठा बताया था।
Previous Post Next Post