मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी
सिटी न्यूज़ हिंदी......✍🏻
गाजियाबाद: मुरादनगर के श्मशान घाट में छत गिरने से 24 लोगों की मौत का जिम्मेदार मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी 36 घंटों बाद सोमवार रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी से तीन घंटे पहले ही एसएसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि आरोपी ठेकेदार से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कठोरतम धाराओं में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्मशान घाट के गलियारे का निर्माण करने वाला ठेकेदार अजय त्यागी राजनगर सेक्टर-7 में रहता है। डी-57 नंबर से उसकी आलीशान कोठी है। रविवार को श्मशान घाट के गलियारे की छत गिरने की सूचना मिलते ही अजय त्यागी अपना घर छोड़कर फरार हो गया था। मुकदमे में नामजद होने बाद पुलिस रविवार रात उसके घर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस को घर के बाहर उसकी फॉर्च्यूनर कार खड़ी मिली, जिसमें पंचर कर पुलिस तैनात कर दी गई। एसएसपी ने सोमवार रात साढ़े 8 बजे अजय त्यागी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश में खाक छान रही थीं। रात करीब साढ़े 11 बजे अजय त्यागी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।