◼️पंचायत चुनाव में मिली शिकस्त से भाजपाइयों को हुआ सन्नपात।


रिपोर्ट :- सोबरन सिंह


गाज़ियाबाद/लोनी :- जिला पंचायत चुनाव में यूपी और केंद्र की सत्ताधारी पार्टी चारो खाने चित हो गई है। भाजपाई तो मन ही मन खैर मना रहे होंगे कि पूरे भारत के ध्यान का केंद्र कोरोनावायरस बना हुआ है। वरना मीडिया और सोशल मीडिया के सारे चुटकुले उत्तर प्रदेश भाजपा के कर्णधारों और महारथियों पर ही लिखे और पढ़े जा रहे होते।

टिकट वितरण में तो सत्ताधारी दल के संगठन ने न जाने किस सूक्ष्मदर्शी से निरीक्षण कर टिकट वितरण किया कि अधिकतम प्रत्याशी पुष्टि परीक्षण में फेल हो गए। सूत्र बताते है कि खरीद-फरोख्त के चलते प्रत्याशियों की काबिलियत पर ध्यान नहीं दिया गया। जिसका नतीजा सबके सामने है। अब चूंकि जिला पंचायत चुनाव कहलाता तो सत्ता का चुनाव है। तब भाजपा भी येन केन प्रकारेण अपने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख बनाने में कोई कोर कसर नही छोड़ेगी। जबकि उसके समर्थित अधिकतम प्रत्याशी हारे ही हैं।


आइए बात करते हैं जिला गाजियाबाद के लोनी ब्लॉक की। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे इस ब्लॉक में भारत की क्राइम हिस्ट्री का शायद ही कोई ऐसा अपराध हो जो ना होता हो। आप लोनी का नाम ले भर तो लीजिए खौफ सामने वाले के दिमाग में अपने आप आ जाएगा। ऐसे में पार्टी विद द डिफरेंस पुराने ढर्रे पर ही अन्य पार्टियों के अपनी विचारधारा से दूर प्रत्याशियों को अपना प्रत्याशी बनाएगी।

रोचक तथ्य यह है कि  भाजपा जैसी पार्टी जो संगठन के कार्यकर्ताओं को दिन-रात दौड़ाती है। फिर उनको टिकट न देकर अन्य दलों के लोगों को अपना प्रत्याशी घोषित कर उन्हें रातोंरात भाजपाई बनाती है। सत्ता के 4 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद चुनावी घमासान में चारों खाने चित हो जाती है। कार्यकर्ता को 24 घंटे दौड़ाकर पार्टी शायद इसलिए व्यस्त रखती है, ताकि खाली कार्यकर्ता कुछ मांग ना ले।

मजेदार बात यह है कि इतने लंबे अंतराल में इस दल के कर्णधार और महारथी एक व्यक्ति ऐसा नहीं तैयार कर पाए जो सीना ठोक कर ब्लाक प्रमुख बनाया जा सकता। एक सांसद जो केंद्रीय मंत्री हैं, एक राज्य सभा सांसद, एक विधायक जो प्रदेश में राज्य मंत्री हैं, तीन अन्य विधायक, एक एमएलसी और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का संगठन चित्त पड़ा जमीन सूंघ रहा है।

अंत में कोई अन्य दल का व्यक्ति आयात किया जाएगा और ब्लॉक प्रमुख बना दिया जाएगा। आनंद की बात यह है कि दोषियों की जेब फिर से गर्म होगी।
Previous Post Next Post