रिपोर्ट :- नासिर खान


लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जमीन मजबूत करने में जुटीं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाधी वाड्रा मंगलवार को यूपी के तूफानी दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजनीति में महिलाओं पर बड़ा दांव खेला है। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवार मैदान में उतारने का ऐलान किया है। प्रियंका ने नारा देते हुए कहा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’।

प्रियंका गांधी ने लखनऊ में मंगलवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन मेें कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके सशक्तिकरण के लिये कांग्रेस ने आज यह अहम फैसला लिया है। यह निर्णय प्रदेश की हर उस महिला के लिये है जो बदलाव चाहती है,न्याय चाहती है और ऐसा तभी संभव है जब उसमे एकता और सामाजिक सुरक्षा की भावना पनप सके। उन्होने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई चुनाव में किसी खास दल से नहीं बल्कि एक नए तरीके की राजनीति को बनाने के लिये है। वह उनके लिये लड़ रही है। जो अपनी आवाज नहीं उठा पा रहे है। वह चाहे दलित हो अथवा महिला। ऐसी उठने वाली हर आवाज को यहां कुचला जाता है।

वाड्रा ने महिलाओं का आवाहन करते हुये कहा ‘‘ आप चाहे अध्यापिका हो, समाजसेविका हो,नौजवान उद्यमी हो अथवा कुशल गृहणी। आप बदलाव चाहती है तो इंतजार मत कीजिये। आपको सुरक्षा कहीं से मिलने वाली नहीं है। इस प्रदेश में सुरक्षा उनकी की जाती है जो कुचलना चाहते हैं। यहां सत्ता के नाम पर खुलेआम घृणा और नफरत का बोलबाला है। खुद को सक्षम बनाने से ही आप इनका मुकाबला कर सकती है।'' उन्होंने कहा कि सरकार सोचती है कि महिलाओं को एक गैस सिलेंडर देकर खुश कर देगी। उसे कमजोर समझा जाता है। ऐसा तब तक चलता रहेगा जब तक महिलाओं में एकता नहीं होगी। जाति धर्म में बंटकर खुद को कमजोर मत कीजिये। उन्होंने कहा कि अगले महीने की 15 तारीख तक प्रत्याशियों के लिये आवेदन खोले गये है, उनकी अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में महिलायें आवेदन के लिये आगे है। वह खुद उन आवेदनो पर गंभीरता से विचार करेंगी। 

प्रियंका ने कहा कि मेरा फैसला यूपी की हर उन महिलाओं के लिए है जो शोषित हैं। हमारी पार्टी योग्यता, प्रतिभा के आधार पर टिकट देगी। इसके साथ प्रियंका ने कहा कि आगे 40 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी महिलाओं को मौका मिलेगा।
Previous Post Next Post