रिपोर्ट :- विकास शर्मा


गाजियाबाद :- धर्म नगरी हरिद्वार कनखल स्थित धर्म रक्षा निधि आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद उत्तराखंड के संगठन मंत्री मनोज वर्मा ने कहा कि देश में हिंदू समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है। निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए इन चुनौतियों का जवाब देना नितांत आवश्यक है। हमारा सबसे पहला कर्तव्य अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाना है। यह बात उन्होंने सोमवार को कनखल में उत्तराखंड प्रांत के धर्म रक्षा निधि समर्पण अभियान-2021 के शुभारंभ कार्यक्रम में कही।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को धर्म रक्षा निधि समर्पण अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से वर्ष में एक बार धर्म रक्षा निधि समर्पण अभियान का आयोजन किया जाता है। जिसके अंतर्गत संगठन के साथ समाज के लोगों का भी योगदान लिया जाता है। इस वर्ष उत्तराखंड में यह अभियान 30 दिसंबर तक चलेगा। मनोज वर्मा ने कहा कि विहिप ने अवैध धर्मांतरण पर रोक तथा धर्मान्तरित हिन्दू भाई-बहनों को अपनी जड़ों से पुन: जोड़ने की दिशा में बड़ा कार्य किया है। 

संपूर्ण भारत में अभी तक लगभग 62 लाख हिन्दुओं के धर्मांतरण को रोकने के साथ लगभग 8.5 लाख की घर वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जन जाति, वनवासी व गिरिवासी समाज के बीच सेवा, समर्पण और स्वावलंबन के मंत्र के साथ अनेक राज्यों में छल-बल पूर्वक धर्मान्तरण के विरुद्ध कठोर दंड की व्यवस्था वाले कानून विहिप के सतत प्रयासों के कारण ही बन पाए हैं।
Previous Post Next Post