सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻


गाजियाबाद :- बैंक ऑफ इंडिया की घंटाघर शाखा में लॉकर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी खाता धारक राजपाल सिंह का कहना है कि उनके पास मौजूद चाबी और मास्टर चाबी से लॉकर नहीं खुला। बैंक अधिकारियों ने लॉकर तुड़वाया तो उसमें से जेवर गायब मिले।

न्यू पंचवटी कॉलोनी में जिंदल पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले राजपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया की घंटाघर शाखा में 5 अगस्त 1983 को लॉकर आवंटित कराया था। इसी बैंक में उनका बचत खाता है। राजपाल सिंह के मुताबिक उन्होंने लॉकर का वार्षिक किराया खाते से काटने की बात कही थी। बैंक कर्मचारियों ने भी लॉकर खाते से अटैच होने की बात कहते हुए किराया खाते से काटने का आश्वासन दिया था। लेकिन बैंक ने कभी लॉकर का किराया उनके खाते से नहीं काटा। 

राजपाल सिंह का कहना है कि जुलाई 2021 में वह बैंक गए तो वहां उनके लॉकर का रिकॉर्ड नहीं मिला। उनकी चाबी और मास्टर चाबी से लॉकर भी नहीं खुला। कई बार प्रयास के बाद भी लॉकर नहीं खुला तो बैंक ने गोदरेज कंपनी के कर्मचारी को बुलवाया। लॉकर तोड़कर देखा तो उसमें रखे उनके सोने-चांदी के जेवर गायब थे। राजपाल सिंह ने बैंक में लॉकर से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी है।
Previous Post Next Post