सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻
गाजियाबाद :- प्रिंटिंग प्रेस में नकली नोट छापने वाले 3 आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। एक आरोपी मिठाई के डिब्बे बनाने और 2 प्रिंटिंग प्रेस के काम से जुड़े हैं। मगर, खर्चे पूरे करने के लिए गलत धंधे से जुड़ गए। पिछले करीब ढाई साल से यह प्रिंटिंग प्रेस चल रही थी। कहा जा रहा है कि मार्केट में अब तक करोड़ों रुपए के नकली नोट खपाए जा चुके हैं। दिल्ली पुलिस को मौके से करीब 34 लाख के बने-अधबने नोट मिले हैं। ये लोग 5 सौ के एक असली नोट पर तीन नकली नोट देते थे।
गाजियाबाद में दो दिन हुई कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के DCP क्राइम अमित गोयल ने बताया, 19 और 20 मई को गाजियाबाद में एक फैक्ट्री के भीतर इस प्रिंटिंग प्रेस पर छापा मारा गया था। यह फैक्ट्री लोनी थाना क्षेत्र के ट्रोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में है। इस मामले में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उनकी पहचान राजपाल निवासी मौजपुर दिल्ली, अजीम अहमद निवासी मौजपुर दिल्ली और आशीष जैन निवासी उस्मानपुर दिल्ली के रूप में हुई है।