सांसद अधीर रंजन चौधरी 



रिपोर्ट :- गजेंद्र सिंह

नई दिल्ली :- भाजपा ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘‘राष्ट्रपत्नी'' कहकर संबोधित किए जाने को ‘‘घृणित तथा समस्त मूल्यों एवं संस्कारों के विरुद्ध'' करार दिया। भाजपा ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी महिला का अनादर करने के लिए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। ज्ञात हो कि चौधरी ने बुधवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू को ‘‘राष्ट्रपत्नी'' कहकर संबोधित किया था।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया जाना भारत के हर मूल्य और संस्कार के विरुद्ध है। यह जानते हुए कि यह संबोधन उस सर्वोच्च....सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा पर आघात करता है, तब भी कांग्रेस के एक पुरुष नेता ने यह घृणित कार्य किया है।'' उन्होंने कांग्रेस को आदिवासी, गरीब और महिला विरोधी पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रौपदी मुर्मू को जब राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया तभी से कांग्रेस उनका उपहास कर रही है और इस क्रम में उसने उन्हें कभी कठपुतली तो कभी अशुभ और अमंगल का प्रतीक कहा।

 
Previous Post Next Post