सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻

गाजियाबाद :- दीपावली बीतने के बाद ऊर्जा निगम का बकयेदारों के कनेक्शन काटने का अभियान एक बार फिर शुरू होगा। त्योहारों में ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई बंद कर दी थी। अब सोमवार से यह अभियान फिर रफ्तार पकड़ेगा। बड़ी संख्या में ऊर्जा निगम के कनेक्शन धारकों ने बिजली बिल जमा नहीं किया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अधिकारियों ने बकायेदारों की सूची तैयार कर रखी है। 

सितंबर माह में सर्किल फर्स्ट (गाजियाबाद शहरी) क्षेत्र में 3500 से ज्यादा बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए थे। अधिकांश उपभोक्ताओं ने तत्काल बकाया बिल चुकाकर कनेक्शन जुड़वा लिया। ग्रामीण क्षेत्र के मोदीनगर, मुरादनगर और डासना क्षेत्र में बड़ी संख्या में कनेक्शन काटे गए। त्योहार के दौरान अधिकारियों ने बकायेदारों को कुछ दिन की मोहलत दे दी थी, लेकिन अब दीपावली बीतने पर भी बिल की रकम जमा न की तो बिजली कनेक्शन कट सकता है। सर्किल फर्स्ट के अधीक्षण अभियंता महफूज आलम ने बताया कि डेढ़ महीने से ज्यादा अवधि के बकायेदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
Previous Post Next Post