रिपोर्ट :- गजेंद्र सिंह

नई दिल्ली :- दिल्ली नगर निगम द्वारा महापौर पद का आखिरकार नतीजा आ ही गया और दिल्ली को अपना नया मेयर मिल गया है। आप प्रत्याशी शैली ओबेरॉय ने भाजपा की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को मेयर चुनाव में मात दी है। शैली ओबेरॉय ने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 मतों से हराया। आप प्रत्याशी शैली ओबेरॉय दिल्ली की मेयर बन गई हैं। सिसोदिया ने ट्वीट किया, "दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई और दिल्ली की जनता का तहे दिल से एक बार फिर से आभार। आप की पहली मेयर शैली ओबरॉय को भी बहुत बहुत बधाई।"  

निगम सदन की बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई। आप सांसद संजय सिंह, भाजपा सांसद हंसराज हंस और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने वोट डाला। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पिछले सप्ताह महापौर पद का चुनाव कराने के लिए निगम सदन की बैठक बुलाने की मंजूरी दे दी थी।

शीर्ष अदालत ने 17 फरवरी को महापौर, उप महापौर और नगर निकाय की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तारीख तय करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) की पहली बैठक बुलाने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) की महापौर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया। शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि उपराज्यपाल द्वारा MCD में नामित सदस्य महापौर चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकते।

दिल्ली नगर निगम (DMC) अधिनियम, 1957 के अनुसार, नगर निगम चुनावों के बाद सदन के पहले सत्र में महापौर और उप महापौर का चुनाव किया जाता है। हालांकि, नगर निगम चुनाव हुए दो महीने से अधिक समय हो गया है। नगर निगम चुनाव पिछले साल 4 दिसंबर को हुए थे। नगर निगम चुनाव के एक महीने बाद 6 जनवरी को पहली बार सदन की बैठक बुलाई गई थी। भाजपा और आप के सदस्यों के बीच तीखी बहस के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
Previous Post Next Post