रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- सरस्वती शिशु मंदिर नेहरू नगर में हिंदू नव वर्ष (सम्वत्सर 2080 ) के शुभागमन के अवसर पर नववर्ष प्रतिपदा का कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में छात्रों एवं आचार्य गणों ने अपनी सहभागिता प्रस्तुत की। आज से वासंतिक नवरात्र आरंभ है, इसलिए मां दुर्गा का आह्वान भी शिशु मंदिर में किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ,उप प्रधानाचार्य शिवकुमार शर्मा ने मां भगवती की आरती गाई। पंचम के भैया आयुष ने मां की भेंट सुनाई। इसके साथ साथ कार्यक्रम संयोजिका संगीता ने भी भजन सुनाया। शिशु भारती प्रमुख योगेश शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉक्टर हेडगेवार के बारे में विस्तार से बताया।
प्रधानाचार्य रेखा शर्मा ने मां भगवती के नौ स्वरूपों का वर्णन किया तथा सरस्वती शिशु मंदिर और विद्या मंदिरों की मातृ संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम संघचालक डॉ हेडगेवार के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय नववर्ष सबसे प्राचीन नववर्ष है। सृष्टि के आदिकाल से ही चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को हमारा हिंदू नव वर्ष मनाया जाता है।
आचार्य शिवकुमार शर्मा ने बताया कि भारतीय नववर्ष बसंत ऋतु में आता है वातावरण में नवीनता और हरियाली फैल जाती है। रबी की फसल पकने वाली होती हैं। वातावरण में ना अधिक सर्दी होती है ना गर्मी होती है। ऐसे सुंदर मौसम में भारतीय नव वर्ष का आगमन होता है। इसके साथ साथ भारतीय संवत्सर भारतीय उत्सवों, परंपराओं का वाहक है। इसी के अनुसार सारे नक्षत्रों व ग्रहों की गति,चाल,ऋतुओं का चक्र आदि घटनाएं होती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्यगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने बड़े भक्ति भाव से नववर्ष का स्वागत किया और मां के भजनों में तल्लीन हो गए।