मृतका दीपमाला का फाइल फोटो



सिटी न्यूज़ | हिंदी.....✍🏻

गाजियाबाद :- नंदग्राम इलाके में लड़के ने गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद जहर खा लिया। मौके पर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में दिल्ली के GTB हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्याकांड की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।

उधर, मृतका दीपमाला का शव पोस्टमॉर्टम हाउस से घर आते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने गांव घूकना मोड़ पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना है कि हमने हत्यारोपी राहुल के खिलाफ बेटी को परेशान करने की एप्लीकेशन पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस तभी एक्शन ले लेती तो दीपमाला आज जिंदा होती। सूचना पर डीसीपी, एसीपी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया।

जानकारी के अनुसार नंदग्राम थाना क्षेत्र के गांव घूकना में ये वारदात गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे हुई। 20 वर्षीय दीपमाला यादव घर पर अकेली थी। हनुमान जयंती पर दीपमाला के मां-बाप पूजा करने के लिए मंदिर गए थे। इसी दौरान 26 वर्षीय राहुल चौधरी घर में पीछे से घुस आया और तमंचे से दीपमाला को गोली मार दी। इस वारदात के तुरंत बाद राहुल ने जहर खा लिया। राहुल बुलंदशहर के सलेमपुर गांव का रहने वाला है।

गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपमाला मृत पड़ी थी। जबकि लड़के के मुंह से झाग निकल रहा था। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही यूपी-112 और नंदग्राम थाने की पुलिस पहुंची। दोनों को गाजियाबाद के अस्पताल ले गई। यहां दीपमाला को मृत घोषित कर दिया। जबकि राहुल को प्राथमिक इलाज देकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली के GTB हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

नंदग्राम ACP रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लड़के की इलाज के दौरान मौत गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतका दीपमाला के मामा बुलंदशहर जिले के सलेमपुर गांव में रहते हैं। इसके चलते दीपमाला का सलेमपुर गांव में अक्सर आना-जाना होता रहता था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसकी राहुल से मित्रता हो गई। फिलहाल इस वारदात की वजह क्या है, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
Previous Post Next Post