रिपोर्ट :- अजय रावत

गाज़ियाबाद :- छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ,ग़ाज़ियाबाद महानगर द्वारा हिंदू साम्राज्य दिवस कार्यक्रम का आयोजन रविवार को 
बलिदानी पथ,नवयुग मार्केट में किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवाजी महाराज का जलाभिषेक सम्पन्न कराया गया, इसके उपरान्त 1100 महिलाओं द्वारा विशाल कलश यात्रा का प्रारम्भ दुग्धेश्वरनाथ मंदिर से हुआ, मुख्य बाज़ार से होते हुये यह यात्रा बलिदान पथ नवयुग मार्केट पर पूर्ण हुई। ढोल नगाड़ों और भगवा पताकाओं से सुसज्जित इस यात्रा का स्वरूप बहुत गरिमापूर्ण हो गया,मार्ग में अनेकों स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया। 

इस अवसर पर कवि स्वदेश यादव एवं दीपक दीप द्वारा ओज से पूर्ण कविता पाठ किया गया।जिससे उपस्थित जन सामान्य में देश भक्ति का भाव प्रवाहित हो गया। अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुये ऑर्गनाइजर समाचार पत्र के मुख्य सम्पादक प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि मुग़लों के शासन में जहॉं हिन्दू को सॉंस लेने का भी कर देना होता था वहाँ एक बालक अपनी माता की प्रेरणा से सामान्य व्यक्तियों का एक समूह तैयार करता है और देश पर शासन कर रहे मुग़लों के लिये चुनौती  बन जाता है और स्वराज की स्थापना करके आगे आने वाले 200 से अधिक वर्षों तक एक ऐसे हिन्दवी साम्राज्य की स्थापना की जो मुग़लों से ही कर लेने लगे। स्त्रियों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का भाव रखने वाले सनातन के संस्कारों से ओतप्रोत शिवाजी का जीवन हर भारतीय का आदर्श हैं।

प्रख्यात ई.एन.टी. सर्जन एवं इतिहासकार डॉ ओमेन्द्र रतनु ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे पुरखे कितने महान थे जिन पर इतनी सुन्दर पुस्तकें लिखी गयी हैं, साका जौहर की अमर घटना हमारा स्वर्णिम इतिहास रही है।जिसमें हमारी स्त्रियॉं अग्नि में स्वयं को आहूत कर देती थी और पुरूष उनकी भस्म को अपने माथे पर लगाकर जीवित रहने तक लड़ाई करते थे।आज हमने अपने यशस्वी पुरखों महापुरुषों को भुला दिया है, कब तक हम अपने पराक्रम को भुलाते रहेंगे। छत्रपति शिवाजी महाराज के हिन्दू राष्ट्र की स्थापना का स्वप्न हमें साकार करना है।पाकिस्तान में हिन्दू बहनों बालिकाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं और पाकिस्तान से सैंकड़ों की संख्या में  हिन्दू पलायन को विवश है।भारत में भी स्थितियों में ज़्यादा अंतर नहीं है,आपको आज जाग्रत होना ही होगा।
 

हिन्दू पदपादशाही की स्थापना के इस अवसर पर प्रमोद जी की टीम के द्वारा शिवाजी महाराज के जीवन पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गयी जिसमें शिवाजी महाराज के जीवन एवं राज्याभिषेक की बहुत सुन्दर जीवंत प्रस्तुति की गयी।इस अवसर पर जीजाबाई एवं शिवाजी के मनभावन रूप धारण करके आये बालक बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विपुल कुमार ने किया।
 इस राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरूषों ने सहभागिता रही। प्रमुख रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग़ाज़ियाबाद विभाग के सह विभाग संघचालक कैलाश चंद, महानगर संचालक धुरेन्द्र कुमार, विद्याभारती से संगठन मंत्री डोमेश्नर साहू,राम वरुण,मेयर सुनीता दयाल,अशोक गोयल, बलदेव राज शर्मा,विधायक अजीत पाल त्यागी आदि प्रमुख रूप से भी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post