रिपोर्ट :- विकास शर्मा

हरिद्वार :- उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारों धामों में से एक गंगोत्री धाम के कपाट आज पूर्ण विधि विधान के साथ पूजा उपरांत शीतकालीन के लिए बंद कर दिए गए।अन्नकूट के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम के पुरोहितों द्वारा विधि विधान के साथ शीतकाल के लिए 11 बजकर 45 मिनट पर कपाट बंद कर दिए गए।                                            

प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के कई श्रद्धालु साक्षी बने, जिन्होंने मां गंगा से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। जिसके बाद मां गंगा की भोगमूर्ति डोली से मुखबा गांव के लिए रवाना हुई, जहां शीतकाल के दौरान मां की रोजाना पूजा की जाएगी।  प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने के मौके पर वेद मंत्रों के साथ मां गंगा की मूर्ति का महाभिषेक करने के पश्चात विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर कपाट बंद किए गए, जिसके बाद गंगा की डोली लेकर तीर्थ पुरोहित मुखबा के लिए रवाना हुए। 15 नवंबर को मां गंगा की उत्सव डोली 6 महीने बाद अपने मायके मुखबा पहुंचेगी।जहां पर ग्रामीण मां गंगा का स्वागत एक पुत्री की भांति करेंगे। शीतकाल में मां गंगा भक्तों को मुखबा में ही दर्शन देंगी।                                                                     
प्राचीन मान्यताओं के अनुसार अपने पितरों के उद्धार के लिए राजा भगीरथ ने यहां एक पवित्र शिलाखंड पर बैठकर भगवान भोलेनाथ की तपस्या की थी।जिसके बाद भगवान भोलेनाथ ने राजा भगीरथ की तपस्या से प्रसन्न होकर देवी गंगा को अपनी जटाओं से भूलोक में भेजा था। मां गंगा ने इसी स्थान पर धरती का स्पर्श किया था और आगे चलकर राजा भगीरथ के पितरों का उद्धार किया था। जिसके बाद यहां मां गंगा का मंदिर बनाया गया, मां गंगोत्री के इस स्थान पर हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन कर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन का उद्देश्य सार्थक करते हैं।
Previous Post Next Post