रिपोर्ट :- नासिर खान


लखनऊ :-
        उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुये कांग्रेस ने 22 जून से राज्यव्यापी 'पोल खोलो' अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 69000 शिक्षक भर्ती और पशुधन विभाग में घोटाले हुये है। इसके चलते पार्टी ने भ्रष्टाचार पर पोल खोलो अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर बड़े पैमाने पर पर्चा वितरण, पोस्टर आदि के माध्यम से प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार को जनता के सामने लाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि 22 जून से शुरू होने वाले इस अभियान के पहले दिन हर जिले पर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को घोटालों और भ्रष्टाचार के संदर्भ में ज्ञापन दिया जायेगा। कोविड 19 महामारी के चलते प्रत्येक जिले के अध्यक्ष को महामारी के दौरान जरूरी गाइडलाइन्स का हर हालत पालन करने और करवाने के साथ साथ अभियान में भागेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

लल्लू ने बताया कि अभियान के दौरान 25 जून को हर जिले में सामूहिक उपवास का कार्यक्रम होगा। दो से 12 जुलाई तक प्रदेश के हर जिले के हर ब्लॉक को कवर करते हुए छोटी छोटी टोलियों में पर्चा वितरण कार्यक्रम के साथ शिक्षक भर्ती घोटाले और पशुधन घोटाले का सच जनता के बीच रखा जायेगा। 14 से 19 जुलाई तक सूबे की हर ग्रामसभा तक भ्रष्टाचार और घोटालों को उजागर करने वाले पोस्टर ग्रामसभा, चैक-चट्टी पर चस्पा किये जायेंगे।

इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से हर जिले, ब्लॉक और ग्रामसभा तक घोटालों और भ्रष्टाचार से सम्बंधित योगी सरकार की कारगुजारियों को जनता के समक्ष रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में संस्थागत लूट-खसोट हो रही है। मंत्रियों के प्रतिनिधियों के नाम घोटालों और भ्रष्टाचार में आ रहे है पर मुख्यमंत्री योगी पूरे मामले में साजिशी चुप्पी ओढ़े है। ऐसे में हम जनता के बीच जाकर घोटालों और भ्रष्टाचार का सच जनता के बीच रखते हुए योगी निजाम को बेनकाब करने का काम करेंगे।
 
Previous Post Next Post