रिपोर्ट :- सिटी न्यूज़ हिंदी

  

यूपी :-
       कानपुर शुटआउट का मास्टरमाइंड और गैंगस्टर विकास दुबे एनकाउंटर में मारा गया है। दावा किया जा रहा है कि इस एनकाउंटर में विकास दुबे गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसके बाद उसकी मौत हो गई। खून से लथपथ विकास दुबे को स्ट्रेचर पर लाला लाजपत राय अस्पताल में लाया गया। बता दें कि विकास दुबे को कानपुर ला रही पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के काफिले की गाड़ी आज सुबह करीब 6:40 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

हादसा कानपुर टोल प्लाजा से 25 किलोमीटर दूर हुआ। विकास की गुरुवार उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से नाटकीय ढंग से गिरफ्तारी की गई थी। पुलिस दल उसे लेने चाटर्र प्लेन से उज्जैन गया था लेकिन वापसी में उसे सड़क मार्ग से लाने का फैसला किया गया। यूपी पुलिस करीब एक हफ्ते से विकास को ढूंढ रही थी। विकास की गिरफ्तारी के 24 घंटे के अंदर ही वो मारा भी गया।

मिली जानकारी के अनुसार जब गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई तो विकास दुबे ने हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। घटनास्थल से सात से आठ किलोमीटर की दूरी पर विकास दुबे और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बता दें कि कानपुर में चौबेपुर के बिकरू गांव में पिछली 2 जुलाई की रात को विकास और उसके साथियों ने आठ पुलिसकर्मियों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस सिलसिले में पुलिस अब तक विकास के पांच साथियों को ढेर कर चुकी है।
Previous Post Next Post