रिपोर्ट :- सिटी न्यूज़ हिंदी
गाजियाबाद :-
खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी ने मंगलवार को 12 प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया तो तीन स्कूलों के मेन गेट पर ताला लगा मिला। इस पर तीनों विद्यालयों के समस्त स्टाॅफ का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति की गई। तीन विद्यालयों में शिक्षक अनुपस्थित मिले तो वहीं एक विद्यालय की प्रधानाध्यापक का व्यवहार सही नहीं पाया गया। पांच विद्यालयों में समस्त स्टाॅफ निरीक्षण के दौरान मिला। खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को सुबह नौ बजे से 12 स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया तो कम्पोजिट वि़द्यालय नुरनगर, प्राथमिक विद्यालय सिहानी संख्या चार व कम्पोजिट विद्यालय नंदग्राम बंद मिले। तीनों के मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। इस पर उन्होंने तीनों विद्यालयों के समस्त स्टाॅफ का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति की। प्राथमिक विद्यालय सिहानी एक में अनुपस्थति प्रधानाध्यापिका व एक शिक्षा मित्र, प्राथमिक विद्यालय सिहानी तीन में अनुपस्थित प्रधानाध्यापिका व प्राथमिक विद्यालय पसौंडा में अनुपस्थित एक शिक्षिका का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति भी उन्होंने की है। कम्पोजिट विद्यालय लाजपतनगर में निरीक्षण के दौरान गंदगी के साथ अव्यवस्था देखने को मिली। स्कूल में स्वेटर व जूते वितरण का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। प्रधानाध्यापिका का व्यवहार भी सही नहीं था। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की है।