सिटी न्यूज़ | हिंदी....✍🏻


गाजियाबाद :- जिला पंचायत चुनाव में बसपा ने जिले में परचम लहराया है। बसपा समर्थित प्रत्याशियों ने जिला पंचायत सदस्य के 14 वार्ड में से 5 पर जीत हासिल की है। रालोद और सपा ने भी इस बार जिला पंचायत के चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर तीन-तीन सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा को महज दो वार्डों में जीत मिल पाई है। भाजपा के भीतर मचे घमासान के चलते कई सीटों पर पार्टी के समीकरण बिगड़े हैं।
14 वार्डों में से भाजपा ने 12 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे, जबकि बसपा ने 13 वार्डों में उम्मीदवारों को उतारा था। रालोद ने 11 और कांग्रेस ने 8 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में उतारकर चुनाव में ताल ठोंकी थी। भाजपा ने दो वार्डों (6 और 8) में प्रत्याशी नहीं उतारे थे। इन वार्ड में मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी की भाभी रश्मि त्यागी और भतीजा मोहित त्यागी निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में थे। चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। इसके बाद भी भाजपा 12 में से महज लोनी ब्लॉक के वार्ड-13 और वार्ड-14 पर जीत हासिल कर पाई। मोदीनगर, रजापुर और भोजपुर ब्लॉक में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। गांव-देहात के चुनाव से अक्सर दूरी बनाने वाली बसपा का प्रदर्शन इसमें सबसे बेहतर रहा है। बसपा समर्थित 5 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। रालोद समर्थित प्रत्याशियों ने वार्ड नंबर-4, 7 और वार्ड-9 में जीत हासिल कर पंचायत चुनाव में अच्छी पकड़ बना ली है। वहीं, सपा के समर्थन से चुनाव में उतरे तीन प्रत्याशी भी जीत कर जिला पंचायत पहुंच गए हैं। इनमें धौलाना से बसपा विधायक की पत्नी नसीम भी शामिल हैं। वहीं, लोनी ब्लॉक के वार्ड-12 पर भाजपा से निष्कासित किए गए प्रदीप कसाना की पत्नी परमिला ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के चुनाव समीकरण बिगाड़ दिए हैं।
-------------
वार्ड नंबर विजेता पार्टी - वोट मिले -दूसरे नंबर पर

01 अमरपाल चौधरी बसपा 5065 सतीश
02 आसिफा बसपा 10751 सुमन
03 अनिल गौतम बसपा 7445 महेंद्र
04 दयारानी रालोद 7723 रजनी
05 शोकेंद्र बसपा 14366 पंकज
06 मीनू देवी सपा 18298 रश्मि त्यागी
07 अमित रालोद 6406 मनोज कुमार
08 प्रिया सिंह बसपा 7256 पवन कुमार
09 बबली रालोद 7232 सुरभि
10 नसीम सपा 3574 मुसाफ अली
11 रजनी सपा 8463 गौरव
12 परमिता निर्दलीय 10376 रामेश्वरी
13 अंशु मावी भाजपा 9602 लक्ष्मी मावी
14 ममता त्यागी भाजपा 4687 अनिल
Previous Post Next Post