रिपोर्ट :- अजय रावत


लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का सोमवार दोपहर को बुलंदशहर जिले केनरौरा स्थित बंसीघाट और गांधी घाट के बच्चा पार्क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके सांसद पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने उन्हें मुखाग्नि दी।
पूर्व सीएम कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अजय भट, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उमा भारती समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आहुति दी। अतरौली के गांव मंढौली से उनका शव वाहन दोपहर को नरौरा के लिए रवाना हुआ था। जहां दोपहर करीब 2.16 बजे उनका शव वाहन व अन्य मंत्रियों, नेताओं का काफिला जनपद की सीमा में जरगवां, रामघाट पर बुलंदशहर प्रशासन ने रिसीव किया। 
इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे शव वाहन बच्चा पार्क में पहुंचा। जहां स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंच कर अंतिम संस्कार से पूर्व व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अफसरों को निर्देश देते नजर आए। दोपहर करीब 3.42 बजे बाबू जी को राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी गई। 
इसके बाद कल्याण सिंह के पुत्र एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने उन्हें मुखाग्रि दी। इस दौरान वहां मौजूद परिजनों, विभिन्न नेताओं और अन्य लोगों की आंखें भी अपने जननेता को विदाई देते वक्त नम नजर आईं। कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ा। 
जनसैलाब को देखते हुए अंतिम संस्कार के लिए घाट पर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिन-जिन जगहों से होकर अंतिम यात्रा गुजरी, वहां भी कदम-कदम पर प्रशासन मुस्तैद रहा।
Previous Post Next Post