रिपोर्ट :- अजय रावत


गजियाबाद :- सन्त निरंकारी मिशन द्वारा ‘अर्बन ट्री क्लस्टर’ अभियान के अंतर्गत । 'वननेस वन'(OnenessVann) नाम की परियोजना के तहत गाजियाबाद स्थित अमृत स्टील कंपाउंड में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई भूमि में पौधे लगाए गए। वननेस वन (Oneness Vann) परियोजना का शुभारंभ स्वयं सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज ने 21 अगस्त 2021 को पौधा लगा कर किया तथा उसी दिन संपूर्ण भारत में  22 राज्यों के 280 शहरों में  लगभग 350 स्थानों पर लगभग 1,50,000  वृक्षों का रोपण किया गया। 

इस महाअभियान में सन्त निरंकारी मिशन के सेवादारों एवं श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस मुहिम में सन्त निरंकारी मिशन के अतिरिक्त केंद्र व राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन, शैक्षणिक संस्थान एवं आर. डब्ल्यू. ए. आदि के लोग भी सम्मिलित होंगे। इस अभियान का शुभारम्भ करते हुए सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि - प्राण वायु जो हमें इन वृक्षों से प्राप्त होती है धरती पर इसका संतुलन बनाने के लिए हमें स्थान स्थान पर वनों का निमार्ण करना आवश्यक है; जिससे कि अधिक मात्रा में आक्सीजन का निर्माण होगा और उतनी ही शुद्ध वायु प्राप्त होगी। जिस प्रकार ‘वननेस वन’ का स्वरूप अनेकता में एकता का दृश्य प्रस्तुत करता है उसी प्रकार मानव को भी समस्त भेदभावों को भूलाकर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के भाव में रहकर संसार को निखारते चले जाना है।                                                                    
‘वननेस वन’ नाम की इस परियोजना के अन्तर्गत संपूर्ण भारत के भिन्न भिन्न स्थानों पर वृक्षों के समूह ; (Tree Clusters) लगाये जा रहे हैं। जिनकी अधिक संख्या के प्रभाव से आसपास का वातावरण प्रदूषित होने से बचेगा और स्थानीय तापमान भी नियंत्रित रहेगा। सभी वृक्षों को स्थानीय जलवायु एवं भौगोलिक परिवेश के अनुसार ही रोपा जा रहे है। सन्त निरंकारी मिशन के सेवादार वृक्षों को लगाने के उपरांत 3 वर्षो तक निरंतर उनकी देखभाल भी करेंगे। इसमेें वृक्षों की सुरक्षा, खाद एवं जल की सुचारू रूप से व्यवस्था करना सम्मिलित है। 

आज जब पृथ्वी ग्लोबल वाॅर्मिंग की समस्या से जूझ रही है, तो ऐसे समय में वृक्षारोपण का महत्व ओर अधिक बढ़ गया है। वर्ष 2020 से कोरोना संकट ने हम सभी को प्रकृति की अमूल्य देन, प्राण वायु अर्थात् ऑक्सिजन के महत्व को समझा दिया है। साथ ही इसकी कमी से उत्पन्न होने वाले सभी दुष्प्रभावों से हमें भली भांति अवगत भी करा दिया है। ज्ञात रहे कि मनुष्य का जीवन जिस प्राण वायु पर आधारित है वह हमें इन वृक्षों के माध्यम द्वारा ही प्राप्त होती है।  

यह सर्व विदित है कि संत निरंकारी मिशन एक विश्व स्तरीय आध्यात्मिक मंच है जो सभी में ईश्वर निराकार की उपस्थिति के आधार पर प्रेम, सहिष्णुता एवं एकता में सद्भाव की विचारधारा में विश्वास रखता है। मिशन द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा के लिए लगातार कार्य किये जा रहे है। समय-समय पर देशभर में वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक का उपयोग न करने जैसे अभियानों की पहल की गई है।  
Previous Post Next Post