रिपोर्ट :- विकास शर्मा


हरिद्वार :- हरिद्वार स्थित एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद में कार्यबहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा। शनिवार को कार्मिकों ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया। कार्मिक एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पर हैं। कर्मचारी संघ का कहना है कि शासन द्वारा जारी शासनादेश में त्रुटि होने के कारण मिनिस्ट्रियल संवर्ग के पदों में पदोन्नतियां बाधित हैं।

एआरटीओ कार्यालय में परिवहन विभाग से जुड़े कार्य नहीं होने से गाड़ी चालक और मालिक परेशान हैं। दूर दराज से एआरटीओ कार्यालय पहुंच रहे लोग बिना काम कराए निराश लौट रहे हैं। उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मोहनलाल सिंह ने कहा कि स्वीकृत पदों की संख्या में की गयी त्रुटि एवं उसका संशोधन न होने से मिनिस्ट्रियल संवर्ग के बीते वर्ष पदोन्नति में लगी रोक को समाप्त करने की एक सूत्रीय मांग है। जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान रेशम सिंह वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अध्यक्ष मिनिस्ट्रियल फेडरेशन, मोहनलाल, सईद अहमद, महेन्द्र जायसवाल, राजेन्द्र बिष्ट, विनोद निराला, सुमनलता, नितीश मैठाणी, संतोष डबराल, जीता गुप्ता आदि कर्मचारी मौजूद थे।
Previous Post Next Post