रिपोर्ट :- अजय रावत

गाज़ियाबाद :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोवंश संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न स्तर की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में संचालित गौशालाओं के निरीक्षण एवं देखरेख के उद्देश्य से नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिसके द्वारा समस्त गौशालाओं का शत-प्रतिशत रूप से स्थल निरीक्षण करते हुए गौशालाओं के संचालन में मानकों की पूर्ति कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गाजियाबाद महेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि निदेशक प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग, उ0प्र0 लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में संचालित अस्थाई/स्थाई गो आश्रय स्थलो के स्थलीय निरीक्षण के लिए शासन द्वारा नामित डा0 ब्रजवीर सिंह, संयुक्त निदेशक, पैथौलाजिस्ट, मेरठ मण्डल मेरठ को नामित किया गया है। जिनके द्वारा दिनांक 22 अप्रैल, 2022 से 05 मई, 2022 के मध्य समस्त अस्थाई/स्थाई गो आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है। 

डा0 महेश कुमार मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 22 अस्थाई/स्थाई गो आश्रय स्थल संचालित है, वर्तमान मे कुल 3948 गो वंश संरक्षित है। जिनमें से डा0 ब्रजवीर सिंह नोडल अधिकारी के द्वारा आज दिनांक 23-04-2022 तक 07 अस्थाई/स्थाई गो आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण में व्यवस्थायें दुरूस्त पायी गयी, कोई भी कमी निरीक्षण के समय अवलोकित नही हुई। 

जनपद में संचालित गो आश्रय स्थलों पर कुल 630 कुन्तल भूसा भण्डारित है। जिसमें से दानदाताओं के द्वारा 20 कुन्तल एवं शासन से प्राप्त धनराशि से 610 कुन्तल क्रय किया जा चुका है। भूसा भंडारण हेतु प्रयास किये जा रहे है। निरीक्षण के समय सम्बन्धित पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post