रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- सरस्वती शिशु मंदिर नेहरू नगर में श्रावण के द्वितीय सोमवार को भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। रुद्राभिषेक में मुख्य यजमान प्रांतीय संगठन मंत्री तपन कुमार एवं विद्यालय के व्यवस्थापक प्रदीप गुप्ता ने सपत्नीक यजमान का आसन ग्रहण किया।
सर्वप्रथम गणेशादि नवग्रह पूजन के पश्चात रुद्राष्टाध्यायी के वैदिक मंत्रों से स्फटिक के शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया गया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जुगल किशोर ,सह व्यवस्थापिका रश्मि गोयल,सुशील कुमार, महेश शर्मा आदि गणमान्य व्यक्तियों सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण,कर्मचारी गणो ने रुद्राभिषेक में भाग लिया।
अभिषेक के पश्चात भगवान शिव की षोडशोपचार पूजा ,अर्चना एवं श्रृंगार कर बिल्व पत्र चढ़ाए गए। रुद्राभिषेक व भगवान शिव के श्रृंगार के उपरांत यज्ञ का आयोजन किया गया। आचार्य शिव कुमार शर्मा के सान्निध्य में रुद्राभिषेक का महा आयोजन किया गया।
संगठन मंत्री तपन ने कहा कि इस बार श्रावण के चार सोमवार और महाशिवरात्रि सहित पांच रुद्राभिषेक किए जाएंगे। तपन कुमार ने बताया कि भगवान शिव का एक नाम आशुतोष है। यदि हमारी भावना और आस्था ईश्वर के प्रति शुद्ध है तो वे शीघ्र प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं।