रिपोर्ट :- विकास शर्मा
हरिद्वार :- हरिद्वार में बैशाखी स्नान पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। वैशाखी स्नान पर्व पर मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन, 15 जोन एवं 39 सेक्टर में बांटा गया है। वैशाखी पर मेले की कमान एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार को दी गई है।
तीर्थ नगरी में बैशाखी स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। मेला क्षेत्र में 1175 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा हेत तैनात किए गए हैं। मेले की सुरक्षा को लेकर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी ड्यूटी के संबंध में सजग रहना चाहिए। वैशाखी पर्व पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु आते हैं।
उनकी सुरक्षा के साथ उनके साथ तालमेल करना हमारी प्राथमिकता होगी। श्रद्धालुओं से पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का व्यवहार विनम्र होना चाहिए। जिससे पुलिस फोर्स के प्रति कोई गलत संदेश नहीं जाये। हर पुलिसकर्मी को यातायात प्लान की जानकारी होनी चाहिए। ताकि श्रद्धालुओं को ड्यूटी पॉइंट के आसपास भौगोलिक परिवेश को लेकर पुलिसकर्मी यात्रियों को जानकारी उपलब्ध करा सके। किसी भी अफवाह को फैलने नहीं दिया जाना चाहिए। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से निभाते हुए यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का पूरा पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। मेले को कुशलतापूर्वक संपन्न कराना ही पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होगी।