रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के बाद सोमवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा, “सेवा सुशासन और गरीब कल्याण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है। केंद्रीय योजनाओं का लाभ हर प्रदेश के लोगों को मिल रहा है। मोदी की सोच और काम से पूरे विश्व में भारत और भारतवासियों का सम्मान बढ़ा है। 30 जून तक पूरे देश मे मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चलेगा।”
जनरल वीके सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा की पथ,आकार व दिशा बनाने में कई सदियां गुजर जाती है। लेकिन पिछले नौ वर्षो में नरेन्द्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। सरकार गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। वंचितों को उनका अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री ने जंग छेड़ी है। सबका साथ सबका विश्वास के साथ संपूर्ण देश के विकास के लिए यह सरकार काम कर रही है।
तकनीक में हमलोग पिछड़े हुए थे। नौ वर्षों में हम इस दिशा में काफी आगे बढ़ गए है। अब भारत की पहचान आत्मनिर्भर देश के रूप में होती है। 2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों में 11वें नंबर पर था। आज ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगी। हम जापान और जर्मनी को पीछे छोड़ देंगे ।
पहले की सरकार कहती थी एक रुपया केंद्र सरकार भेजती थी तो लाभार्थी के पास 15 पैसे पहुंचते थे। जनधन खाता और तकनीक से अब पूरे एक रुपये पहुंच रहे हैं। पहले वैक्सीन के लिए दूसरे देशों पर आश्रित रहने वाले भारत ने मोदी के संकल्प से कोरोना में भारत ने दो वैक्सीन तैयार किए। 210 करोड़ टीके लगाए। 100 देशों में टीके भेजे गए। यह भारत की क्षमता और बदलती छवि का उदाहरण है।
12 करोड़ लोगों को नल से जल पहुंचाया गया।
उज्ज्वला योजना के तहत पूरे देश में 9.60 करोड़ गैस कनेक्शन बाटे गए और तो वहीं 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा है। इसके साथ ही 11.90 करोड़ घरों में शौचालय बनाया गया। एवं 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना कार्ड दिये गए ।
जनरल वीके सिंह ने आगे बताया कि 11 करोड़ किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष दिया जा रहा है। इसके साथ 400 वंदे भारत ट्रेन चलाने का लक्ष्य है जिनमे वर्तमान में 20 ट्रेने चल रही है। पिछले 68 वर्षों में जहाँ देश में 74 एयरपोर्ट बने थे। वहीं पिछले नौ वर्षों में 74 एयरपोर्ट और हेलीपैड बनाये गए हैं। सड़क परिवहन पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि 2014 से पहले प्रतिदिन 12 किलोमीटर सड़क बनती थी वहीं अब 37 किलोमीटर हाईवे बन रहा है। 2014 तक 90000 किलोमीटर हाईवे था अब इन नौ वर्षों में 53000 किलोमीटर का हाईवे तैयार है।
भारत की विरासत को आगे ले जाने के लिए निरंतर काम हो रहा है। इस वर्ष के अंत तक अयोध्या में राम मंदिर बन जाएगा तथा केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम का विकास किया जायेगा । इसके साथ ही सबसे बड़ा सोलर प्लांट दो हजार मेगावाट से ज्यादा क्षमता का राजस्थान में लग रहा। केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही जनरल वीके सिंह ने अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को बताया।
प्रेस वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, महापौर सुनीता दयाल, विधानपरिषद सदस्य दिनेश गोयल, विधायक अतुल गर्ग, महानगर प्रभारी अमित बाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, महमंत्री गोपाल अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, मीडिया संयोजक प्रदीप चौधरी, जय कमल अग्रवाल , संजीव चौधरी, चमन चौहान आदि उपस्थित रहे।