◼️पुरा महादेव मंदिर में अभिषेक करने से हर मनोकामना पूर्ण होती हैः श्रीमहंत नारायण गिरि 



रिपोर्ट :- अजय रावत

यूपी/बागपत :- श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध पुरा महादेव में भगवान का दर्शन-पूजन व अभिषेक किया। महाराजश्री ने भक्तों को आशीर्वाद भी दिया। श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि पुरा महादेव मंदिर की बहुत ही महिमा है। जहां आज यह प्राचीन सिद्धपीठ है, वहां पर भगवान परशुराम ने शिवलिंग की स्थापना कर भगवान शिव की आराधना की थी। 

इसी कारण इस मंदिर को परशुरामेश्वर मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। इस मंदिर की बहुत अधिक मान्यता है और देश ही नहीं विश्व भर से श्रद्धालु यहां आकर भगवान शिव का अभिषेक व पूजा-अर्चना करते हैं। श्रावण व फाल्गुन माह में लाखों शिवभक्त पैदल ही हरिद्वार, ़ऋषिकेश आदि तीर्थ स्थलों  से कांवड़ में गंगा का पवित्र जल लाकर परशुरामेश्वर महादेव का अभिषेक करते हैं। भगवान शिव भी प्रसन्न हो कर अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। 

पुरा महादेव मंदिर में आकर भगवान का अभिषेक करने व पूजा-अर्चना करने से जो संतोष व सच्चा सुख मिलता है, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता है। सीकरी माता के प्रधान पुजारी देवेंद्र शास्त्री, अर्जुन नाथ महाराज, पंचमुखी महादेव मंदिर के महंत कृष्णस्वरूप महाराज, देवेंद्र प्रमुख आदि ने भी महाराजश्री के साथ पुरा महादेव मंदिर में भगवान का अभिषेक किया।
Previous Post Next Post