◼️श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में श्री सिद्धेश्वर महादेव कुटी में चल रहे अनुष्ठान में कई शहरों के भक्त पहुंचे



रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- श्री सिद्धेश्वर महादेव कुटी पाइप लाइन रोड मकरेडा में आयोजित नवरात्रि अनुष्ठान में शनिवार को दशहरापर्व पर भगवान राम व शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित अनुष्ठान में भगवान राम की पूजा.अर्चना के लिए गाजियाबाद के अलावा मेरठ, नोएडा दिल्ली आदि से भी भक्त आए। 

भक्तों ने देर शाम तक भगवान राम पूजा-अर्चना की। अपरान्ह 3 बजे से यज्ञ प्रारंभ हुआ जिसमें बडी संख्या में भक्तों ने आहुति दी व भगवान राम से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। सांय 5 बजे भगवान राम की आरती की गई। आचार्य बृजेश कुमार मिश्र, पंडित संजय मिश्र व दीपक पाठक ने भगवान राम का पूजन व यज्ञ कराया। भक्तों ने मंदिर के महंत मुकेशानंद गिरि महाराज का आशीर्वाद भी लिया। महंत मुकेशानंद गिरि महाराज वैद्य ने कहा कि दशहरा हिंदू धर्म के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला एक बड़ा त्यौहार है। पूरे देश में लोग दशहरा को बड़े उत्साह और समर्पण के साथ मनाते हैं। हर कोई इस त्यौहार का बेसब्री से इंतज़ार करता है। भारत के कुछ क्षेत्रों में इसे विजयादशमी के नाम से भी जाना जाता है। 

दशहरे पर भगवान राम की पूजा की जाती है और दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। विजयादशमी को बुराई पर अच्‍छाई की जीत के प्रतीक के तौर पर भगवान राम के सम्मान में मनाया जाता है। दशहरे के पीछे की कहानी भगवान राम की रावण पर विजय को दर्शाती है। दशहरा हमें बुराई व अधर्म के आगे झुकने की बजाय उसका मुकाबला कर उस पर विजय प्राप्त करने का संदेश देता है। इस दिन भगवान राम की पूजा-अर्चना करने से भक्त पर उनकी कृपा हमेशा बनी रहती है।
Previous Post Next Post