रिपोर्ट :- विकास शर्मा

उत्तराखण्ड :- हरिद्वार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में हर की पौड़ी से पूजा अर्चना के बाद आरंभ होकर शिव मूर्ति पर समाप्त हुई। जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश में कई मुद्दों और समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला बोला जाएगा। यात्रा में भाजपा की गलत नीतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों को अच्छे से समझ चुकी है। महंगाई एवं भ्रष्टाचार चरम पर है और डॉलर के मुकाबले रुपया हर रोज गिर रहा है। रसोई गैस सिलिंडर के दाम आसमान को छू रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यात्रा हरिद्वार जिले में अव्यवस्थाओं को सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं का उत्पीड़न, कानून व्यवस्था में गिरावट, आंतरिक सड़कों समेत अधिकांश सड़कों का बदहाल होना जैसे मोर्चा पर प्रदेश सरकार विफल है।हरीश रावत ने कहा कि रोशनाबाद से बंदरजूड़, कलियर से बंदरजूड़ को जोड़ने वाला मार्ग, मंगलौर में झबरेड़ा मार्ग और भोगपुर मार्ग खस्ताहाल है। 

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जब पंचायत चुनाव होते हैं, तो धांधली कराकर सत्ता कब्जाने के लिए हरिद्वार महत्वपूर्ण हो जाता है और समस्याओं के समाधान की बारी आती है, तो भाजपा हरिद्वार को प्रदेश का हिस्सा ही नहीं मानती।इस दौरान प्रदेश संगठन महासचिव विजय सारस्वत, मथुरा दत्त जोशी, मेयर अनिता शर्मा, विधायक रवि बहादुर, पार्षद राजीव भार्गव, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, अमन गर्ग, अशोक शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री नईम कुरैशी, रफी खान आदि मौजूद रहे।
Previous Post Next Post