रिपोर्ट :- अजय रावत


गाजियाबाद :-
       किसान बिलों के विरोध में आज महानगर कांग्रेस कमेटी ने घंटाघर पर जीटी रोड जाम किया। इस दौरान घंटाघर चौराहे पर हाईटेंशन प्रदर्शन कांग्रेसियों ने किया। लगभग पंद्रह मिनट तक कांग्रेसी सड़क पर तपती धूप में सड़कों पर लेटकर किसान बिलों के विरोध में नारे लगाते रहे। बाद में महानगर अध्यक्ष समेत कई कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक के नेतृत्व में कांग्रेसी कंपनी बाग स्थित पार्टी कार्यालय पर जमा हुए। वहां से लगभग साढ़े ग्यारह बजे कांग्रेसी जुलूस के रूप में घंटाघर चौराहे पर पहुंचे। महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में वहां कांग्रेसियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी सड़कों पर लेट गए और केंद्र और प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। 

घंटाघर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहले कांग्रेसियों को समझाने का प्रयास किया। उसके बाद कांग्रेसियों को जबरन उठाकर पुलिस की गाड़ी में डाला गया। पुलिस की गाड़ी में भी कांग्रेसी सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक का कहना था कि भाजपा सरकार किसान विरोधी बिल लाई है। 

उन्होंने ऐलान किया कि जब तक सरकार बिलों को वापस नहीं लेती कांग्रेसी सड़कों पर विरोध करते रहेंगे। इस दौरान युवा कांग्रेस के अकबर चौधरी, उपाध्यक्ष यामीन मलिक, एसटीएसटी के जिलध्यक्ष रवि चौधरी, विजयपाल चौधरी, अनुज चौधरी, पूजा मेहता, मोहित गौड, सुनील शर्मा समेत बड़ी संख्या में महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Previous Post Next Post