रिपोर्ट :- विकास शर्मा


हरिद्वार :- संत नगरी कनखल में अपनी हरिद्वार यात्रा पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरिहर आश्रम स्थित स्वामी अवधेशानंद के  सानिध्य में पारदेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने आज सुबह गंगा आरती कर हरिहर आश्रम कनखल में महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद के साथ आश्रम स्थित प्राचीन रुद्राक्ष वृक्ष की परिक्रमा की तथा श्री महामृत्युंजय महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर पारदेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया।          

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने हरिहर आश्रम स्थित 450 साल पुराने पवित्र रुद्राक्ष वृक्ष की परिक्रमा कर मध्यप्रदेश के रहवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी के सानिध्य में ये वृक्ष संरक्षित है। प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के क्रम में हरिद्वार स्थित हरिहर आश्रम कनखल में अवधेशानंद जी के साथ रुद्राक्ष का पौधा रोपा। अवधेशानंद जी ने इस पौधे को रूद्र राज नाम दिया है।                                               

हरिहर आश्रम में शिवराज एवं उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान ने स्वामी अवधेशानंद जी के साथ हरिद्वार में स्थित सन्यासी आश्रम घाट कनखल पर मां गंगा की आरती कर पूजा-अर्चना की। शिवराज ने हरिहर आश्रम कनखल हरिद्वार में स्वामी अवधेशानंद जी से आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने स्वामी अवधेशानंद जी को सांची स्तूप की प्रतिकृति और आदि शंकराचार्य की तस्वीर भेंट की।
Previous Post Next Post