सिटी न्यूज़ हिंदी......✍🏻

गाजियाबाद :- पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर बनाए गए शहर के सबसे बड़े ऑडिटोरियम समेत नगर निगम के 605 करोड़ के विकास कार्यों का मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनके अलावा डूंडाहेड़ा में 50 बेड के अस्पताल व मोदीनगर में ड्रग वेयर हाउस का लोकार्पण भी किया। लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण कार्यक्रम में जुड़े मुख्यमंत्री ने नगर निगम के प्रोजेक्ट की सराहना की।

करीब 9 साल से नेहरू नगर सेकेंड में बने 900 लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम के निर्माण पर 47 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और 2 माह पहले इसका निर्माण पूरा हो गया था। पूरी तरह वातानुकूलित इस ऑडिटोरियम में भव्य मंच बनाया गया है। इसके अलावा तीन मंजिला क्लब हाउस, स्वीमिंग पूल और करीब 300 वाहनों की पार्किंग भी बनाई गई है। यह शहर का अब तक का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम है। इसके अलावा रमतेराम रोड पर 4 मंजिला कामर्शियल कांप्लेक्स का भी लोकार्पण किया गया। इसमें 55 दुकानें और 2 तल पर पार्किंग बनाई गई है। हिंडन विहार और सिहानी में पहली बार रेवेन्यू के मॉडल पर बनाई गई 2 गारबेज फैक्टरियों का भी मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लोकार्पण किया।

उन्होंने वार्डों में होने वाले 160 करोड़ के निर्माण कार्यों का, 240 करोड़ की लागत से टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 19.70 करोड़ से डूंडाहेड़ा में बनाए जाने वाले 50 बेड के संयुक्त अस्पताल, 10 करोड़ से मोदीनगर में बनाए जाने वाले ड्रग वेयर हाउस, 38.83 करोड़ से बनाए जाने वाली मल्टीलेवल कार पार्किंग का शिलान्यास कर सौगात दीं। यह सभी काम 2 साल में पूरे हो जाएंगे। वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में भरपूर विकास कार्य हुए हैं। भाजपा सरकार केवल शिलान्यास ही नहीं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी कर रही है। 

इस कार्यक्रम में महापौर आशा शर्मा लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रहीं। गाजियाबाद से नवनिर्मित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, सांसद अनिल अग्रवाल, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, डीएम आरके सिंह, एसएसपी पवन कुमार, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा मौजूद रहे।
Previous Post Next Post